मुजफ्फरपुर में पति-पत्नी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, वजह जान लोग रह गए हैरान

 

बिहार के मुजफ्फरपुर में पति-पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी ने सुसाइड से पहले अपने भाई को कॉल कर पति के आत्महत्या की जानकारी दी। फिर कहा- मैं भी मरने जा रही हूं और उसने भी फांसी लगा ली।

बुधवार को दोनों का शव घर में अलग-अलग कमरे से मिला। इधर, लड़के की मां का आरोप है कि बहू का किसी के साथ अफेयर था। इसी को लेकर दोनों में अक्सर लड़ाई होती थी। मामला सदर थाना क्षेत्र का है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

दोनों की पहचान पारू थाना क्षेत्र के लालू छपरा निवासी विक्रम सिंह (31) और उसकी पत्नी शबनम सिंह (26) के रूप में हुई है। 5 साल पहले 2018 में दोनों की शादी हुई थी। दोनों को एक 4 साल का बेटा है। वह सुसाइड के वक्त घर में ही मौजूद था।

विक्रम अपनी पत्नी और बेटे के साथ सदर थाना क्षेत्र के फरदो गोला पुल के पास एक किराये के मकान में रहता था। विक्रम के पिता पेशे के शिक्षक थे। दो साल पहले विक्रम के पिता की अचानक मौत हो गई थी। जिसके बाद विक्रम को अनुकंपा पर नौकरी मिलनी थी। इसकी प्रक्रिया चल रही थी।

विक्रम की मां विभा देवी ने बताया कि शादी के कुछ दिनों के बाद से ही दोनों के बीच विवाद होता था। शबनम चइला (सूखी लकड़ी) से उसकी पिटाई करती थी, लेकिन इज्जत के कारण वे लोग किसी को कुछ नहीं बताते थे। विक्रम कुछ दिनों पहले घर से बाहर गया हुआ था। जब वो घर पहुंचा तो शबनम को किसी और मर्द के साथ रूम में देख लिया। जिसके बाद वो काफी परेशान रहता था।

मां का आरोप है कि बेटे ने पत्नी के अवैध संबंध की जानकारी अपने ससुराल वालों को भी दी थी। वो लोग भी इस बात को तूल नहीं दिए। शबनम हाल ही में विक्रम के पेट में कैची भी घोंप दी थी। जिस कारण कई दिनों तक उसका इलाज चला था। आरोप है कि बहू उनके साथ भी मारपीट करती थी।

मां ने बताया कि मंगलवार की रात भी दोनों में विवाद हुआ था। जिसके बाद दोनों अलग-अलग कमरे में सो गए। सुबह जब शबनम विक्रम के रूम में जाने लगी तो दरवाजा अंदर से बंद था। कमरे के अंदर देखा तो विक्रम ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

इसके बाद शबनम ने अपने भाई भोलू को फोन किया और पूरी जानकारी दी। फिर फोन रखते हुए कहा कि मैं भी मरने जा रही हूं। इसके बाद वह किचेन से सिलेंडर उठा कर अपने रूम में ले गई। जहां सिलेंडर के सहारे शबनम ने अपने दुपट्टा से फांसी लगा ली। कुछ ही देर में भोलू अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंचा। जिसके बाद मौके पर हंगामा शुरू हो गया।

स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी सदर थाना पुलिस को दी। पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

सदर थाना के दरोगा मनोज कुमार साह ने बताया कि पत्नी-पति ने आत्महत्या की है। दोनों के बीच विवाद चल रहा था। मौके पर साड़ी और दुपट्टा मिला है। जिससे दोनों ने आत्महत्या की है। परिजन कुछ भी स्पष्ट नहीं बता रहे है। दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।परिजनों को लिखित आवेदन दिया जाएगा, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। दोनों दो कमरे में थे। मृतक का नाम विक्रम सिंह है। उनकी पत्नी का नाम शबनम सिंह है। उनका एक बेटा भी है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.