नशे में धुत हेडमास्टर लुंगी-बनियान में ही पहुंचे स्कूल, क्लास में छात्रों की दी गालियां

 

मुजफ्फरपुर में एक सरकारी स्कूल के हेडमास्टर शराब के नशे में स्कूल पहुंच गए। लुंगी-बनियान में नशे में धुत हेडमास्टर ने महिला शिक्षकों से बदसलूकी भी की। बच्चों के डेस्क पर बैठकर हंगामा किया। इस पूरी घटना का वीडियो एक टीचर ने बना लिया। यह वीडियो अब सामने आया है।

मामला सकरा प्रखंड के डिहुली इशहाक पंचायत के पहाड़पुर उर्दू राजकीय मध्य स्कूल का है। यहां के हेडमास्टर उमेश ठाकुर बुधवार को शराब के नशे में स्कूल पहुंच गए। वह अपनी हाजिरी बनाने आया था। स्कूल के अन्य शिक्षकों ने इसका विरोध किया तो दुर्व्यवहार करने लगे।

ऐसी हरकत देख ग्रामीण भी आक्रोशित हो गए। लोगों ने उसे पकड़ लिया। स्कूल में ही बंधक बना लिया। फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।

पुलिस ने एचएम उमेश ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। उमेश दुबहा गांव का रहने वाला है। उसके खिलाफ पहाड़पुर गांव की महिला सहानीबेगम ने सकरा थाने में एफआईआर के लिए आवेदन दिया है। इसमें बताया जा रहा कि एचएम उमेश ठाकुर लगभग दस बजे स्कूल में शराब के नशे में पहुंचा था। वह छुट्टी की हाजिरी बनाने आया था।

स्कूल में आते ही वह क्लास में जाकर शिक्षक के सामने बच्चों से दुर्व्यवहार करने लगा। अपशब्द का प्रयोग करने लगे। बच्चों से ग्रामीणों को इसकी सूचना मिली। इसके बाद ग्रामीणों ने आकर एचएम को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर घटना की जानकारी देते हुए एचएम को उनके हवाले कर दिया। पुलिस ने जब जांच की तो एचएम नशे में होने की जानकारी मिली।

ग्रामीणों का आरोप है कि एचएम आए दिन नशे की हालत में स्कूल आते हैं। कई बार विरोध किया, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। आज नशे की हालत में लुंगी-बनियान पहनकर स्कूल में पहुंचा था।

सकरा थानाध्यक्ष राजू कुमार पालने बताया कि एचएम के नशे में होने की पुष्टि हुई है। महिला के आवेदन पर मामला दर्ज कर एचएम को कोर्ट में पेश किया जाएगा। वहां से उसे जेल भेजा जाएगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.