चोरों ने घर से उड़ाये सात लाख के जेवरात – पीड़ित ने 112 समेत कोतवाली पुलिस को दी तहरीर

फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के शेखपुर उनवा में चोरों ने बुधवार की अर्द्धरात्रि एक घर में घुसकर आलमारी का ताला तोड़कर लगभग सात लाख रूपये के जेवरात पार कर दिये। जब पीड़ित को सुबह जानकारी हुई तो उसके होश उड़ गये। पीड़ित ने डायल 112 को सूचना दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को चोरी की तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार शेखपुर उनवा निवासी इसरार अहमद पुत्र अख्तर अपने परिवारीजनों के साथ खाना-पीना खाकर सो गये। तभी अर्द्धरात्रि लगभग दो बजे अज्ञात चोर छत के सहारे घर में दाखिल हो गये और कमरे में रखी आलमारी का लाकर तोड़कर उसमें रखे जेवरात पार कर दिये। जब सुबह पीड़ित को जानकारी हुई तो उसके होश उड़ गये। उसने तत्काल डायल 112 को सूचना दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। तत्पश्चात कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़ित इसरार ने बताया कि दो तोले सोने का हार, एक जोड़ी झुमकी आधा तोला, छह अंगूठी सोने की डेढ़ तोला, दो टीके सोने के एक तोला, चांदी के तोड़े ढाई सौ ग्राम, तीन जोड़ी तोड़िया बच्ची की, एक जोड़ी बाली बच्ची की, एक नथनी सोने की, एक कील सोने की, एक झूमर चांदी, एक झूमर आर्टिफिशियल, एक शौकबंद चांदी, एक मंगलसूत्र सोने का आधा तोला, सात छल्ला चांदी, एक मंगलसूत्र अठन्नी भर चोरों ने पार कर दिया। पुलिस ने पीड़ित को जल्द चोरी के खुलासे का आश्वासन दिया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.