कानपुर में घर के बाहर झाडू न लगाने से नाराज भाजपा नेता ने सफाईकर्मी को पीटा, थाने के आगे किया हंगामा

 

कानपुर के बर्रा में भाजपा नेता ने झाडू नहीं लगाने पर सफाई कर्मचारियों को घेरकर पीटा। इसके बाद भाग निकले। सफाई कर्मचारियों ने एक जुट होकर काम ठप कर दिया। इसके बाद बर्रा थाने का घेराव करने के साथ ही हंगामा किया। बर्रा पुलिस ने बीजेपी नेता के खिलाफ मारपीट की एफआईआर दर्ज की, तब जाकर हंगामा शांत हुआ।

नगर निगम के वार्ड-65 नौबस्ता पश्चिम में आउट सोर्सिंग पर शनि कुमार और साहिल सफाई कर्मचारी हैं। दोनों ने आरोप लगाया है कि दामोदर नगर में रहने वाले भाजपा नेता विनोद प्रजापति ने दोनों से घर के सामने झाड़ू लगाने को लेकर फटकार लगाई।

सफाई कर्मचारियों ने बताया कि आपका मकान वार्ड-70 के अंतर्गत आता है, हम दोनों की तैनाती वार्ड-65 में है। इसके बाद दोनों वहां से चले गए। कहने के बाद भी सफाई नहीं करने पर आक्रोशित विनोद प्रजापति दोनों को तलाशते हुए दो कारों से अपने गुंडों के साथ पहुंचे।

आरोप है कि शनि और साहिल को विनोद और उनके गुंडों ने दबोच लिया। लोहे की रॉड व डंडे से जमकर पीटने के बाद भाग निकले। गुंडे कह रहे थे कि नेता जी के कहने के बाद भी झाड़ू नहीं लगाई। दोनों कर्मचारियों ने भागकर खुद को सुरक्षित किया और बर्रा थाने में तहरीर दी है।

बर्रा थाना प्रभारी सूर्यबलि पांडेय ने बताया कि सफाई कर्मचारी की तहरीर पर आरोपी विनोद प्रजापति के खिलाफ एनसीआर दर्ज की गई है। मेडिकल के लिए दोनों सफाई कर्मचारियों को भेजा गया है। मेडिकल के आधार पर आगे मामले में धाराएं बढ़ाई जाएंगी और कार्रवाई होगी।

सफाई कर्मचारियों के साथ मारपीट के बाद आक्रोशित सभी सफाई कर्मचारियों ने साउथ सिटी के कई वार्ड में काम ठप कर दिया। बर्रा थाने का घेराव करते हुए बीजेपी नेता के खिलाफ नारेबाजी की। थाना प्रभारी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया तब जाकर आक्रोशित कर्मचारी शांत हुए।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.