इंदौर के व्यापारी की पत्नी क्रूज से गिरी, समुद्र में गिरने से हुई मौत; मलेशिया-सिंगापुर टूर पर गए थे दंपती

 

इंदौर के होटल व्यापारी जाकेश साहनी की पत्नी रीता सिंगापुर में क्रूज से गिर गईं। समुद्र में डूबने से उनकी मौत हो गई। वे पति के साथ अपना जन्मदिन मनाने के लिए मलेशिया और सिंगापुर घूमने गई थीं।

रीता साहनी (64) और उनके पति जाकेश साहनी (70) सिंगापुर में ‘स्पेक्ट्रम ऑफ द सीज’ क्रूज से पेनांग से सिंगापुर लौट रहे थे। रीता का जन्मदिन मनाने के बाद वे अपने रूम में जाकर सो गए। जाकेश जब सोकर उठे तो पत्नी रीता लापता थीं।

उन्होंने क्रूज में पत्नी की तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद क्रूज स्टाफ को सूचना दी। क्रूज के स्टाफ ने रीता को ढूंढने की कोशिश की। इस दौरान पता लगा कि क्रूज से समुद्र में कुछ गिरा है, लेकिन क्या रीता ही समुद्र में गिरी हैं, ये कंफर्म नहीं हो पाया था।

ऑस्ट्रेलिया में रह रहे बेटे अपूर्व ने ट्वीट कर भारत में प्रधानमंत्री कार्यालय और विदेश मंत्रालय से मां को ढूंढने के लिए मदद मांगी थी। सांसद शंकर लालवानी ने भी विदेश मंत्री एस. जयशंकर से इस बारे में चर्चा की थी। इसके बाद मंगलवार शाम 7.19 पर अपूर्व ने ट्वीट कर मां रीता का निधन होने की पुष्टि की। हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि रीता के साथ हादसा हुआ या उन्होंने सुसाइड किया है।

इससे पहले रीता के 39 वर्षीय आर्किटेक्ट बेटे अपूर्व साहनी ने सिंगापुर के अखबार से चर्चा में कहा था, ‘मां को तैरना नहीं आता है। घटना के बाद पिता जाकेश को सिंगापुर में ही उतार लिया गया। उनसे स्थानीय पुलिस ने लंबी पूछताछ की। हमने पुलिस से क्रूज के सीसीटीवी फुटेज देखने के लिए कहा है।’

अपूर्व ने बताया था, ‘क्रूज के स्टाफ से यह जरूर पता चला है कि समुद्र में कुछ गिरा है। मेरी मां और पिता छुट्टियां बिताने क्रूज टूर पर गए थे। सोमवार को चार दिन के टूर का आखिरी दिन था।’

मैरीटाइम एंड पोर्ट अथॉरिटी ऑफ सिंगापुर (एमपीए) ने सोमवार को एक बयान में कहा था, ‘मैरीटाइम रेस्क्यू को-ऑर्डिनेशन सेंटर (एमआरसीसी) सिंगापुर को सुबह करीब 7.50 बजे घटना के बारे में सूचित किया गया था।’ बयान में कहा गया कि यात्री ‘स्पेक्ट्रम ऑफ द सीज’ क्रूज पर सवार था, जो पानी में गिर गया था। हालांकि, इसके अलावा और कोई जानकारी नहीं दी गई थी।

जाकेश साहनी इंदौर के राजशाही होटल से जुड़े रहे हैं। परिवार ने यह होटल बीते दिनों बेच दिया था। बड़े बेटे अपूर्व के ऑस्ट्रेलिया और छोटे बेटे के मुंबई शिफ्ट होने के चलते साहनी दंपती भी इंदौर से मुंबई चले गए थे। वे छोटे बेटे के घर से ही घूमने के लिए सिंगापुर गए थे।

परिवार के करीबियों के मुताबिक, जाकेश साहनी इंदौर के धेनु मार्केट में अपने दो भाइयों पवन और हरीश के साथ रहते थे। उन्होंने होटल के साथ यहां का मकान भी बेच दिया था।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.