इंदौर में दुधमुंही बच्ची की मां ने प्रताड़ित होकर दी जान, मां का दावा-दामाद ने कहा था तेरी बेटी को मार डालूंगा

 

इंदौर में 16 महीने पहले शादी रचाने वाली नवविवाहिता की मौत हो गई। पुलिस ने कमरा सील कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला ने फांसी लगाकर जान दी है। सुसाइड नोट सामने नहीं आया है। इधर, महिला के मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने और गला घोटकर हत्या करने का आरोप लगाया है।

भंवरकुआं पुलिस के मुताबिक अनंतपुरी की रहने वाली काजल जोशी (23) ने शुक्रवार दोपहर घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उसके सास-ससुर घर में मौजूद थे। उसकी 7-8 महीने की दुधमुंही बेटी है। पति योगेश घटना के समय काम पर गया था। कोई सुसाइड नोट अभी सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि कमरे की जांच के बाद ही सुसाइड नोट को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। अभी परिजनों के भी बयान नहीं हुए है। महिला ने आत्महत्या क्यों की.. इसके कारणों का पता नहीं चल सका है।

महिला के मायके पक्ष वालों ने ससुराल वालों पर उसे प्रताड़ित करने और उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। मां दुर्गा पुरोहित का कहना है कि मेरी बेटी की शादी 18 फरवरी 2022 में हुई थी। बेटी के पति भरत जोशी ने कल फोन कर कहा कि मैं उसे मार रहा हूं। तुम लोग पैसे नहीं देते हो इसलिए मैं इसे मार रहा हूं। बेटी की शादी को अभी 16 महीने ही हुए हैं। बेटी को उसकी सास आरती और माैसी सास आए दिन परेशान करती थी। टॉर्चर करती थी। ससुराल वाले दहेज के लिए आए दिन परेशान करते थे। हमने 25 लाख का दहेज दिया था। चार लोगों ने मिलकर उसे मारा है। मेरी बेटी ने MBA किया था वह सुसाइड नहीं कर सकती। मेरे जमाई ने चैलेंज किया था कि मैं तेरी बेटी को मार दूंगा।
Leave A Reply

Your email address will not be published.