पूजा-अर्चना के दौरान शिव मंदिर की छत गिरने से हादसा, एक बालिका की मौत, मलबे में कई लोग दबे

आगरा में शाहगंज के शिव नगर में सोमवार की सुबह मंदिर में पूजा-अर्चना के दौरान बरामदे की छत भरभरा कर गिर गई। मलबे में कई  लोगों के दबने से चीख-पुकार मच गई। मौके पर जुटे लोगों ने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। एक बालिका की मौत हो गई। कई की हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना सुबह करीब आठ बजे की है।शिव नगर के महावीर नगर में शिव मंदिर में सोमवार के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे थे। कांवड़ चढा जलाभिषेक करने के बाद लोग पूजा-अर्चना कर रहे थे। इसी दौरान मंदिर के बरामदे की छत भरभरा कर गिर गई। इससे वहां मौजूद श्रद्धालु मलबे में दब गए। लोगों में अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मलबे में दबे लोगों को निकालने का काम शुरू कर दिया।

हादसे की जानकारी पर पुलिस और अधिकारी भी पहुंच गए।पुलिस ने लोगों की मदद से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। उन्हें अस्पताल भेजा, जहां एक बालिका को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई गई है।  बरामदे की छत सीलन के चलते जर्जर हो गई थी। इसके कारण वह गिर गई।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.