डॉक्टर की शर्मनाक करतूत, मेट्रोमोनियल साइट से प्यार कर अंडमान की लड़की से किया रेप; वीडियो कॉल पर कपड़े उतारने को कहता और…

 

लखनऊ:  अंडमान निकोबार की एक लड़की। फीजियोथेरैपी का कोर्स पूरा करके अंडमान से यूपी नौकरी करने चली आई। लड़की ने मेट्रोमोनियल साइट शादी डॉट कॉम पर अपना प्रोफाइल बनाया। यहां एक लड़के से प्रोफाइल मैच हुई। बातचीत शुरू हुई। वॉट्सऐप नंबर के जरिए दोनों ने एक दूसरे को फोटो भेजा और पसंद कर लिया।

बातचीत के कुछ दिन बाद लड़के ने लड़की को मिलने बुलाया। वहां अपने दोस्त के साथ मिलकर लड़की का रेप किया। इस घटना के बाद लड़की कुछ दिन चुप रही, लेकिन बाद में उसे महसूस हुआ कि उसका शोषण हो रहा, तो उसने आवाज उठानी शुरू की। हर उस अफसर के पास गई, जहां से न्याय की उम्मीद लगी।

कहीं उम्मीद नहीं दिखी, तो उसने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास के सामने आत्महत्या करने का ई-मेल किया। आत्मदाह करने की धमकी दी, तो मामला रातोंरात हाईलाइट हो गया।

कहानी शुरू होती है दिसंबर 2022 से… लड़की ने डीपीटी का कोर्स किया। इसके बाद उत्तर प्रदेश आ गई। उसे घूमने का काफी शौक है। इस दौरान उसे लखनऊ काफी पसंद आया, तो उसने लखनऊ में सेटल होने का प्लान बनाया। लखनऊ में ही रहकर लोगों की फीजियोथेरैपी करने लगी। कॉल आने पर पेशेंट के पास जाती। जिंदगी में सब अच्छा चल रहा था। लेकिन उसे नहीं पता था कि शादी का फैसला उसकी जिंदगी खराब कर देगा।

लड़की ने बताया, उसने शादी करने के लिए परिवार से बातचीत करने के बाद शादी.कॉम पर अपनी प्रोफाइल बना ली। इस दौरान उसके पास एक मैच आया। जिसने अपना परिचय डॉक्टर अभिषेक बताया। 19 मई 2023 को लड़की के पास पहली बार अभिषेक का कॉल आया। शादी के बारे में बातचीत करने के बाद वॉट्सऐप पर फोटो एक्सचेंज हुई।

अभिषेक ने जो प्रोफाइल बनाई थी उसमें बताया कि माता-पिता की मौत हो चुकी है। पत्नी से कोर्ट में तलाक का मामला चल रहा है। तलाक होते ही वह शादी कर लेगा। अभिषेक ने बताया माता-पिता के न होने की वजह से सारे कार्यक्रम चाचा करेंगे। शादी के सिलसिले में दोनों की बातचीत व मुलाकात होने लगी।

23 मई को अभिषेक ने हजरतगंज में मिलने के लिए बुलाया। मिलने के बाद चाचा से मिलवाने के बहाने अपने साथ घर ले गया। जहां पर चाचा नहीं मिले, तो वो तुरंत वापस चली गई। शादी की बात चल रही थी तो अभिषेक की गंदी मंशा पर शक नहीं हुआ। दोनों के बीच बातचीत चलती रही।

18 जून को आरोपी अभिषेक ने लड़की को हजरतगंज के कैफे कॉफी डे पर मिलने के लिए बुलाया। वहां से लंच करने के लिए पास के रेस्टोरेंट ले गया। इसके बाद 1090 चौराहे पर ले गया। लड़की ने देर होने की बात कहकर घर छोड़ने की बात कही। तभी रास्ते में गाड़ी रोककर कोल्ड ड्रिंक खरीदी। कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला दिया। कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद लड़की को अजीब सा लगने लगा। उसका सिर घूमने लगा।

पीड़िता ने बताया, “अभिषेक स्पीड में कार चला रहा था। मैंने उससे पूछा कि आप मुझे कहां ले जा रहे हो। उसने जवाब दिया कि तुम्हारी तबीयत ठीक नहीं है। इसलिए पहले घर पर थोड़ा आराम कर लो फिर चली जाना। घर पहुंचते ही उसने मुझे एक टैबलेट खाने को दी। दवाई खाते ही मेरी आंखों के सामने अंधेरा छाने लगा। लगा कि मैं बेहोश हो जाउंगी। मैं जिस जगह बैठी थी, वहीं लेट गई।”

मुझे देर रात होश आया, तो मेरे प्राइवेट पार्ट में बहुत ज्यादा पेन हो रहा था। तभी मैंने उसके दोस्त को कमरे से भागते देखा। दर्द की वजह से मुझसे कुछ बोला नहीं जा रहा था। सुबह होने पर जब मेरी आंख खुली तो शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था। मैंने गुस्से में अभिषेक को उठाया तो वो बोला गलती हो गई और माफी मांगने लगा।”

पीड़िता ने बताया, “मैंने शर्म की वजह से ये बात किसी को नहीं बताई। मैंने सोचा कि शिकायत करूंगी तो समाज में काफी बदनामी होगी। लेकिन ये चीज सिर्फ एक बार होकर खत्म नहीं हुई। 28 जून को अभिषेक अपने दोस्तों के साथ फार्म हाउस पर पार्टी कर रहा था। तभी वीडियो कॉल करके बोलने लगा कि मेरे दोस्तों को कपड़े उतार कर दिखाओ।”

“मेरे मना करने पर अभिषेक गाली गलौज करने लगा। वह कहने लगा कि कौन सा पहली बार देख रहा हूं। इसके पहले भी तुमको पूरा-का-पूरा देख चुका हूं। जो बोल रहा हूं, जल्दी करो। वरना उस रात की सारी वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दूंगा।”

पीड़िता के मुताबिक, वह आरोपी की हरकतों से तंग आकर 31 जून को शिकायत करने इंदिरा नगर थाने पहुंची। जहां कंप्लेन लिखने के लिए पुलिस उसे 5 दिन तक घुमाती रही, लेकिन शिकायत नहीं लिखी गई। परेशान होकर उसने थाने पर हंगामा किया, तो आरोपी को थाने में बुलाया गया। जहां पर वो माफी मांगने लगा और उससे समझौता करने का दबाव बनाने लगा।

थानों के कई चक्कर लगाने के बाद पीड़िता शिकायत लेकर ACP, कैंट अभिनव यादव के पास पहुंची। मदद की गुहार लगाने पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज हुआ। लेकिन गिरफ्तारी नहीं हुई।

लखनऊ में नई होने की वजह से मैं घटनास्थल का पता नहीं बता पा रही थी। पुलिस मुझसे लोकेशन का मैप बनवाने पर लगी रही। पुलिस रोजाना थाने बुलाती और खानापूर्ति करके वापस भेज देती। इस पर मैंने एक दुकान पर ऑनलाइन पेमेंट करने की बात बताई। इससे मिला आरोपी का सुराग।

पुलिस जांच में पता चला कि अरोपी का असली नाम रिषभ है। उसने गलत जानकारी देकर शादी.कॉम पर प्रोफाइल बनाई थी। जब पुलिस ने आरोपी की जानकारी जुटाई तो पता कि उसके माता-पिता भी जिंदा हैं। आरोपी का एक बच्चा भी है। एफआईआर दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार है।

पीड़ित लड़की को आरोपी अभिषेक केस वापस लेने का दबाव बना रहा है। लड़की के मना करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। आरोपी पक्ष लड़की के अंडमान निकोबार स्थित घर पर पहुंच गए। जहां उसके घरवालों को धमकी देने लगे। ये बात पिता ने बताई। लड़की का कहना है कि उसका अंडमान का एड्रेस सिर्फ पुलिस के पास था। वो आरोपियों के पास कैसे पहुंचा।

एफआईआर होने के बाद लड़की को उच्च अधिकारियों ने जांच की बात कही। लेकिन 25 दिन बीतने के बाद भी आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोपी लगातार लड़की को रास्ते में आने जाने के दौरान जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। धमकी से तंग आकर लड़की ने चीफ मिनिस्टर योगी आदित्यनाथ के आवास के सामने आत्महत्या करने का ई-मेल भेज दिया। जिसके बाद से हरकत में आई पुलिस लड़की के घर पहुंच गई।

आत्महत्या के मेल के बाद करीब 12 पुलिसकर्मी लड़की के घर पहुंचे। जहां पर चेकिंग के बाद लौट गए। इसके बाद रात को करीब 9 बजे 3 महिला और 2 पुरूष पुलिसकर्मी घर के बाहर पहरा देते रहे। सुबह पुलिसकर्मी के कमरे के बाहर मौजूद रहे। हर आने जाने वालों से पूछताछ करते रहे।

मामले की आईओ एसआई राजेंद्र वर्मा ने बताया कि लड़की ने रेप का मामला दर्ज कराया है। लड़की का आरोपी से परिचय शादी.कॉम पर हुआ था। जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने लड़की के साथ गलत काम किया। लड़की ने मेल के जरिए आत्महत्या करने की बात कही थी। जिसके बाद अधिकारियों के आदेश के बाद इनकी निगरानी बढ़ा दी गई।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.