बड़ी घटना… कुत्तों की लड़ाई में चली गोलियाँ, 2 की मौके पर हुई मौत और 5 घायल

 

इंदौर के रामकृष्णबाग कॉलोनी में गुरुवार देर रात सनसनीखेज गोली कांड हो गया। बैंक के गार्ड ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिए। इसमें दो लोगों की मौके पर मौत हो गई और गोली के छर्रे लगने से पांच लोग घायल हो गए। विवाद कुत्तों की लड़ाई से शुरू हुआ था।

 

एएसपी अमरेंद्र सिंह के अनुसार, कृष्ण बाग कॉलोनी में बैंक ऑफ बड़ौदा में गार्ड राजपाल राजावत मूल निवासी भिंड और सामने रहने वाले ललित के पालतू कुत्ते आपस में झगड़ रहे थे। कुत्तों का विवाद दो परिवारों के विवाद में बदल गया। झगड़े को देखकर आसपास के लोग भी राजावत के घर पर जमा हो गए। शिकायतों का दौर चलता रहा, जिससे विवाद बढ़ गया। गुस्से में राजावत घर की छत पर पहुंच गया। जहां वह अपनी 12 बोर की लाइसेंसी डबल ब्रेल बंदूक निकाल ली। पड़ोसियों को लगा कि धमका रहा है। उसने पहले हवाई फायर किया और फिर सामने की तरफ भीड़ में तीन गोलियां चला दीं। इसमें दो महिलाओं सहित सात लोग घायल हो गए। सभी को एमवाय हॉस्पिटल ले जाया गया।

 

विमल पिता देवकरण आमचा (37) और राहुल पिता महेश वर्मा (26) की मौत हो गई। बाकी पांच लोगों का इलाज किया जा रहा है। विमल का सैलून है तो राहुल नौकरी करता है। विमल और राहुल रिश्ते में जीजा-साला हैं। विमल के मकान में ही राहुल किराए से रहता है। दोनों ही राजपाल और ललित को समझाकर झगड़ा खत्म करने का प्रयास कर रहे थे। सिंह ने बताया कि बंदूक में और भी गोली लोड थी। पुलिस ने तुरंत पहुंचकर पकड़ लिया नहीं तो और भी फायर हो सकता था।

 

राजावत के पालतू कुत्ते से आसपास के रहवासी काफी परेशान हैं। उसे लेकर आए दिन विवाद होता था। गार्ड को कई बार रहवासियों ने समझाया भी, लेकिन वह समझने को तैयार नहीं था। गुरुवार को जब ललित से विवाद हो रहा था तब रहवासी उसे समझाने पहुंचे तो राजावत को यह बात नागवार गुजरी।

गोली लगने से विमल और राहुल की मौत हो गई। राहुल के साथ उसकी पत्नी ज्योति को भी गोली के छर्रे लगे। घायल ज्योति गर्भवती है और एक बेटा भी है। उसकी आंख में छर्रा लगा। विमल की दो बेटियां हैं। ज्योति को देर रात तक नहीं बताया था कि राहुल की मौत हो गई है। इसके अलावा सीमा पति सुखराम, कमल पिता कड़वा, मोहित गोयल पिता भीमसिंह, ललित पिता नारायण बोरसे भी घायल हुए उनका इलाज चल रहा है।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.