विकास के नाम पर भाजपा ने देश को दिया धोखा: अखिलेश

– चुनाव आते ही जनता को थमा देते नया झुनझुना

प्रत्रकारों से बातचीत करते सपा प्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव।
फतेहपुर। दो दिवसीय जन जागरण यात्रा निकाल कर जनपद पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव केंद्र व प्रदेश की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमलावर दिखाई दिये। उन्होंने मंहगाई, बेरोज़गारी एवं भ्रष्टाचार के नाम पर केंद्र सरकार को जमकर घेरा तो वहीं नोटबंदी व कालाधन के नाम पर जनता को परेशान करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने वन ट्रिलियन डॉलर पर चुटकी लेते हुए प्रदेश की खराब सड़कों व अन्ना मवेशियों के मुद्दे पर प्रदेश सरकार को जमकर घेरा। कहा कि भाजपा की मदर पार्टी ने देश की आज़ादी के समय अंग्रेज़ों के विरुद्ध चलाये जा रहे भारत छोड़ो अभियान का विरोध किया था लेकिन न्यू इंडिया में भाजपा के सहयोग से देश के बैंकों का रुपया लूटकर भारत छोड़ो अभियान चलाया जा रहा है। बैंक के रुपये लेकर भागने वालों को पकड़ने में सरकार नाकाम है। शहर के एमआईसी ग्राउंड में आयोजित जनजागरण कार्यक्रम के दूसरे दिन पूर्व सीएम ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि लाल किले से देश का विकास करने वालों ने देश की जनता के साथ धोखा किया है। खुद के चलाये गये दो हज़ार रुपये के नोट को वापस लेकर भ्रष्टाचार को दबाया है। अपने फैसलों को वापस लेने वाली सरकार को कमज़ोर सरकार बताया। उन्होंने भाजपा को हिन्दू मुसलमान करने वाला दरारजीवी बताते हुए कहा कि जांच होने के बाद नोटबंदी के दौरान हुआ बड़ा भ्रष्टाचार उजागर हो सकता है। भाजपा पर लोकतंत्र खत्म करने, सरकारी एजेंसियों व अदालतों को प्रभावित करने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि चुनाव आते ही भाजपा जनता को एक नया झुनझुना थमा देती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.