हिन्दू-मुसलमान के नाम पर लोगों को बांट रही दरारजीवी पार्टी: अखिलेश

– नारों के नाम पर भाजपा लोगों को करती गुमराह
– सरकार की नाकामी को जन-जन तक लेकर जाएं सपा कार्यकर्ता
– वोटर लिस्ट, बूथ मैनेजमेंट से लेकर मतगणना की बताई बारीकियां
कार्यकर्ता शिविर को संबोधित करते राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव एवं उपस्थित कार्यकर्ता।
फतेहपुर। लोक जनजागरण अभियान के तहत जनपद में चल रहे दो दिवसीय कार्यकर्ता शिविर के समापन पर जनपद पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र व प्रदेश पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा को जुमलाजीवी व हिन्दू एवं मुसलमानों के बीच खाई पैदा करने वाली दरारजीवी बताया।
शुक्रवार को शहर के मुस्लिम इंटर कालेज प्रांगण में दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन पर कार्यकर्ताओं को वोटर लिस्ट मैनेजमेंट से लेकर मतगणना के दौरान की बारीकियों का उल्लेख किया। प्रशिक्षण शिविर के प्रथम दिन जहां कार्यकर्ताओ में चाचा शिवपाल यादव ने जोश भरा तो वहीं समापन पर राष्ट्रीय अध्यक्ष को पाकर कार्यकर्ता भाव विभोर नज़र आये। इस दौरान पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने 2024 लोकसभा चुनाव का शंखनाद करते हुए कार्यकर्ताओं से जनपद की सीट जिताने का आह्वान किया। जनपद में कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के लिये सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव गुरुवार देर शाम जनपद पहुंचे। गुरुवार के कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर के पहले दिन चाचा शिवपाल सिंह यादव ने जनपद के कार्यकर्ताओं में जमकर जोश भरा। इस दौरान उन्होंने जनपद के पुराने सपा नेताओं से मुलाकात करके लोकसभा चुनाव में जुटने का आह्वान किया। प्रशिक्षण शिविर के समापन पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार को मंहगाई, बेरोज़गारी व नोटबंदी के मुद्दों पर जमकर घेरा। उन्होंने भाजपा पर चुटकी लेते हुए कहा कि भारत छोड़ो आंदोलन अंग्रेज़ो के विरुद्ध शुरू किया गया था लेकिन भाजपा के सहयोग से न्यू इंडिया वालों ने देश के बैंकों का रुपया लेकर देश छोड़ने का अभियान शुरू कर दिया है। उन्होंने नोटबंदी को घोटाला बताते हुए कहा कि रुपया काला या सफ़ेद नहीं बल्कि लेन-देन काला होता है। उन्होंने सरकार पर गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि लाल किले से भाषण देने के बाद उसे पूरा किया जाना चाहिये। प्रदेश की कानून व्यवस्था पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सीएम को एक्सप्रेस वे और रोड में अंतर नही पता। प्रदेश की जनता की वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का झुनझुना दिखाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन्वेस्टर मीट के नाम पर केवल दिखावा किया गया कोई नया निवेश नहीं हुआ। बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के नाम पर जमकर भ्रष्टाचार करने व गुणवत्ताविहीन सड़क बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों को इससे कोई लाभ नहीं मिला। सड़को पर अन्ना मवेशियो का कब्ज़ा है जिससे सड़क हादसे होते हैं। उन्होंने प्रदेश की विद्युत व्यवस्था को खराब बताते हुए लोगों को मंहगे बिलों के बोझ से गुजरना पड़ता है।
इनसेट-
शिवपाल को पाकर कार्यकर्ताओ में दिखा उत्साह
कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर के पहले दिन मंच पर चाचा शिवपाल यादव को देखकर कार्यकर्ताओं में जमकर उत्साह देखने को मिला। प्रसपा नाम से अपनी पार्टी गठित किये जाने के बाद से पूर्व राष्ट्रीय महासचिव रहे शिवपाल सिंह यादव सपा से अलग हो गये थे हालांकि विधानसभा चुनाव सपा के सिंबल पर लड़ने के बाद भी सपा के सार्वजनिक कार्यक्रमों में कम ही दिखाई देते थे। कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर में सपा के दिग्गज नेता शिवपाल यादव की मौजूदगी से जनपद के सपा कार्यकर्ताओ में उत्साह देखने को मिला।

शिवपाल के बहाने असंतुष्ट को साधने की तैयारी
लोकसभा चुनाव 2024 की राह आसान करने को समाजवादी पार्टी ने बड़ा शिविर में सपा के दिग्गज नेता चाचा शिवपाल सिंह यादव को भेजकर जिले से सपा के असंतुष्ट धड़े को मनाने एवं प्रसपा के गठन के दौरान सपा से दूर हुए पुराने नेताओं को साधने की बड़ी तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। शिवपाल सिंह यादव ने सपा के पुराने नेताओं से मुलाकात कर उनमें न सिर्फ जोश भरा बल्कि 2024 के लोकसभा चुनाव में जनपद की सीट से सपा प्रत्याशी को जीत दिलाने की अपील भी की।

कार्यकर्ताओं के आवास जाकर जताया अपनापन
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जनपद प्रवास के दौरान कार्यकर्ताओं के घर जाकर परिजनों से मिले। राष्ट्रीय अध्यक्ष को अपने आवास में पाकर कार्यकर्ता भाव विभोर नज़र आये। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पूर्व सांसद डॉ अशोक पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह यादव, पूर्व विधायक वीर अभिमन्यु सिंह व पूर्व जिलाध्यक्ष विपिन सिंह यादव, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष नज़ाकत खातून के पनी मोहल्ले निवास पर पहुँचे। इस दौरान पूर्व चेयरपर्सन पुत्र हाजी रज़ा को जिला बदर किये जाने के निर्णय को सरकार की तानाशाही बताते हुए न्यायालय से न्याय मिलने का भरोसा जताया। वहीं दूसरे दिन जहानाबाद नगर पंचायत चेयरमैन सैय्यद आबिद हसन के निवास पहुंचे। इस दौरान चेयरमैन सैय्यद आबिद हसन से उनके पिता दिवंगत सदर विधायक कासिम हसन की स्मृति को साझा किया। श्री यादव सपा नेत्री केतकी यादव के आवास भी पहुँचे।

हाजी रज़ा का बढ़ा गये कद
सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सरकार के इशारे पर नगर पालिका की पूर्व चेयरपर्सन के पुत्र हाजी रज़ा के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा की गई जिला बदर की कार्रवाई को अनुचित व अन्याय बताया। हाजी रज़ा को सदर नगर पालिका के अध्यक्ष पद का प्रमुख दावेदार माना जा रहा था। चुनाव के ऐन समय पर हाजी रज़ा के विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई कर दी गयी। जिससे वह चुनाव लड़ने से वंचित रह गये। अखिलेश यादव ने उनके विरुद्ध की गई कार्रवाई को सरकार के दबाव में अनुचित बताया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.