गदर-2 ने सिर्फ 8 दिन में कमाए ₹300 करोड़, OMG-2 भी ₹100 करोड़ के करीब पहुंची

 

मुंबई:  गदर-2 ने 300 करोड़ रुपए कमा लिए हैं। फिल्म ने यह कारनामा रिलीज के आठवें दिन ही कर दिया है। शुक्रवार को फिल्म ने 20.5 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। इस तरह फिल्म का टोटल कलेक्शन 305.13 करोड़ रुपए हो गया है।

300 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली गदर-2 सेकेंड फास्टेस्ट हिंदी फिल्म है। इसने 300 करोड़ का आंकड़ा छूने के लिए सिर्फ 8 दिन का समय लिया। इसके आगे बस शाहरुख खान की फिल्म पठान है। पठान ने 6 दिन में 300 करोड़ रुपए कमा लिए थे।

 

बात OMG-2 की करें तो इसने शुक्रवार को 5.6 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। फिल्म की टोटल कमाई 90.65 करोड़ रुपए हो गई है। रविवार तक फिल्म 100 करोड़ क्लब में शामिल हो सकती है।

हिंदी फिल्म इतिहास में अभी सिर्फ 11 फिल्में ही 300 करोड़ रुपए कमाने में कामयाब रही हैं। गदर-2 ऐसा करने वाली 12वीं फिल्म बनी है। इस लिस्ट में 543.05 करोड़ के साथ पठान पहले नंबर पर है।

 

दूसरे और तीसरे नंबर पर बाहुबली-2 और KGF-2 के हिंदी वर्जन हैं। गदर-2 जिस हिसाब से कमाई कर रही है, पूरी संभावना है कि फिल्म इस लिस्ट में टॉप-3 तक आ सकती है।

सोशल मीडिया पर कुछ एक्सपर्ट्स अनुमान लगा रहे हैं कि गदर-2, पठान के रिकॉर्ड तक भी पहुंच सकती है। ऐसा मुश्किल तो है, लेकिन नामुमकिन नहीं। खास बात यह है कि पठान सोलो रिलीज हुई थी।

 

इसके अलावा उसका स्क्रीन काउंट भी गदर-2 से ज्यादा था। इसके बावजूद अगर गदर-2, पठान के कलेक्शन के नजदीक भी पहुंचती है, तो यह अपने आप में ऐतिहासिक होगा।

गदर-2 विदेशों में भी अच्छी कमाई कर रही है। इंडस्ट्री ट्रैकर के मुताबिक, फिल्म ने वर्ल्डवाइड 369 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, अमेरिका और UK जैसे देशों में फिल्म अच्छी कमाई कर रही है।

 

OMG-2 भी धीरे-धीरे 100 करोड़ क्लब में शामिल होने के लिए कदम बढ़ा रही है। हालांकि, वीकडेज में इसकी रफ्तार स्लो हो गई है। फिल्म का टोटल कलेक्शन 90.65 करोड़ रुपए है। इस वीकेंड पर फिल्म 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लेगी।

फिल्म आज यानी शनिवार को 8 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर सकती है। गदर-2 के साथ क्लैश होने पर फिल्म को नुकसान हुआ है। क्लैश न होने की दशा में अब तक फिल्म का कलेक्शन 100 करोड़ से ज्यादा होता।

 

हालांकि, ओवरसीज में OMG-2 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है। फिल्म का टोटल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 120 करोड़ रुपए है।

ऐसी खबरें आ रही थीं कि OMG-2 को बनाने में 150 करोड़ का खर्च आया है। फिल्म को बनाने वाली स्टूडियो VIACOM मोशन पिक्चर के CEO ने इस खबर को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि फिल्म तकरीबन 50 करोड़ के बजट में बनी है। अक्षय कुमार ने इसके लिए फीस भी नहीं ली है।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.