महाराष्ट्र-ओडिशा की मिट्‌टी से दोबारा तैयार हुई इकाना की पिच, विश्वकप के लिए ICC को होगा हैंडओवर

 

लखनऊ:  विश्वकप के पांच मैचों के लिए 12 सितंबर को इकाना स्टेडियम BCCI और ICC के हवाले हो जाएगा। दरअसल, 13 अक्टूबर को यहां पहला मैच होना है। ऐसे में एक महीने पहले स्टेडियम हैंड ओवर करना होगा। आईपीएल के चेयरमैन राजीव शुक्ला ने लखनऊ में आयोजित यूपी टी-20 लीग के दौरान बात करते हुए यह जानकारी दी।

13 अक्टूबर को 5 बार की विश्व विजेता ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच यहां मैच खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया की टीम यहां अपना पहला मैच खेलेगी। जबकि साउथ अफ्रीका यहां टीम इंडिया के खिलाफ एक मैच खेल चुकी है। इसमें उसको 10 रन से जीत मिली थी।

 

BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने लखनऊ में बताया,”1 महीने पहले इकाना को BCCI और ICC अपने नियंत्रण में ले लेगा।”

इकाना की पिच को लेकर पिछले दिनों काफी सवाल उठे थे। IPL के दौरान 6 रन प्रति ओवर से भी कम रन बने थे। ऐसे में BCCI ने IPL के बाद यहां की पिच को सही कराने का फैसला लिया था। उसके बाद पिच बनाई गई।

 

यूपीसीए के पदाधिकारी डीएस चौहान ने बताया, “पिच में सॉल्ट और केमिकल की मात्रा काफी ज्यादा थी। इसकी वजह से परेशानी आ रही थी। यहां तक उसमें फंगस आ गया था। लेकिन अब सब सही कर दिया गया है। दो महीने से ज्यादा समय तक पिच पर काम हुआ है। पिच पूरी तरह से अंतर्राष्ट्रीय मानक के हिसाब से तैयार हुई है।”

12 सितंबर के बाद यहां कुछ प्रैक्टिस मैच भी होंगे। उन मैच पर BCCI और ICC की नजर रहेगी। उसमें पिच की उछाल से लेकर बाकी मानक देखे जाएंगे। अगर कुछ कमी रहती है तो उसको दूर किया जा सकता है। हालांकि अधिकारियों का मानना है इसकी उम्मीद कम है। पिच बेहतर हो चुकी है।

 

IPL से पहले इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले T-20 मैच के बाद पिच पर सवाल उठने लगे थे। ऐसे में तय किया गया था कि विश्वकप के लिए पिच को नए सिरे से तैयार किया जाएगा। इसके लिए महाराष्ट्र और ओडिशा से मिट्टी मंगाई गई। इसमें महाराष्ट्र से लाल और उड़ीसा से काली मिट्‌टी लाई गई थी। करीब 4 ट्रक मिट्‌टी से स्टेडियम का काम पूरा किया गया था।

इकाना यानी अटल बिहारी बाजपेयी स्टेडियम साल 2017 में बनकर तैयार हुआ था। इस स्टेडियम में एक साथ 50 हजार लोग मैच देख सकते हैं। 6 नवंबर 2018 को इकाना स्टेडियम ने भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला मैच हुआ था। अंतरराष्ट्रीय मैच की मेजबानी करने वाला देश का 52वां स्टेडियम है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.