मदुरै में ट्रेन के प्राइवेट कोच में लगी आग: 10 की हुई मौत, कॉफी बनाते समय फटा सिलेंडर; हर तरफ मची चीख- पुकार

 

तमिलनाडु के मदुरै रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के प्राइवेट कोच में आग लग गई। शनिवार तड़के हुए हादसे में यूपी के 10 तीर्थ यात्रियों की मौत हो गई। जबकि 20 से ज्यादा झुलस गए हैं। प्राइवेट कोच में यूपी के 63 तीर्थयात्री सफर कर रहे थे। जिस वक्त घटना हुई उस वक्त कोच पुनालूर-मदुरे एक्सप्रेस से जुड़ा था। यह कोच 17 अगस्त को लखनऊ से भारत गौरव एक्सप्रेस से जुड़कर दक्षिण भारत के तीर्थस्थलों के लिए रवाना हुआ था।

मदुरै कलेक्टर एमएस संगीता ने बताया कि कोच में सभी यूपी के तीर्थयात्री थे। इस कोच को मदुरै में दो दिन तक रुकना था। यात्रियों ने आज सुबह कॉफी बनाने के लिए स्टोव जलाया तो सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया।

 

अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने की सूचना सुबह करीब 5.15 बजे मिली। जब ट्रेन मदुरै यार्ड जंक्शन पर रुकी थी। इसके बाद 5.45 बजे फायर बिग्रेड ने आग बुझाने का काम शुरू किया। सुबह 7:15 बजे आग पर काबू पाया गया। सिर्फ प्राइवेट कोच में ही आग लगी है। दूसरे कोच तक आग फैलने से बचा लिया गया।

 

कोच में आग लगने का मुख्य कारण सिलेंडर रहा, जिसे अवैध तरीके से ले जाया जा रहा था। रेलवे के अनुसार, IRCTC से कोई भी कोच की बुकिंग कर सकता है, लेकिन सिलेंडर ले जाने पर रोक है। इसके बावजूद सिलेंडर लेकर कोई यात्री सवार हुआ। घटना वाली जगह पर डीआरएम समेत रेलवे के अधिकारी मौके पर हैं। झुलसे लोगों को गवर्नमेंट राजाजी कॉलेज मदुरै में भर्ती करवाया गया है।

 

हादसे से जुड़े दो वीडियो सामने आए हैं, जिसमें एक महिला और कई यात्री बचाओ-बचाओ चीख-चिल्ला रहे हैं। थोड़ी देर बाद ये आवाज शांत हो जाती है। फायर इस्टींग्यूशर और पानी की बौछारें रेलवे कर्मी डाल रहे हैं। लेकिन, उसका असर आग पर नहीं हो रहा।

 

आग की लपटें बढ़ती देख रेलवे ने फौरन अलग-बगल की बोगियों को अलग किया, जिससे कि आग दूसरी बोगियों में न फैल सके। आग से एक बोगी पूरी तरह जल चुकी है। मृतकों के परिवार को रेलवे ने 10 लाख रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया।

 

जहां से टिकट बुक हुए थे, उस ट्रैवल एजेंसी के कर्मचारी अंकुर ने बताया कि 17 अगस्त को सीतापुर से रामेश्वरम के लिए टूर गया था। कुल 63 यात्री थे। 30 अगस्त को वापसी थी। हादसे में सीतापुर के आदर्श नगर निवासी एक महिला मिथलेश चौहान और पुरुष शत्रुदमन सिंह तोमर की भी मौत हुई है।

 

ट्रेन हादसे पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक जताया है। मृतकों के परिवार को 2 लाख रुपए मुआवजा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि वह खुद घटना पर नजर बनाए हैं। हर पल की अपडेट ले रहे। रेल मंत्री अश्विनी वार्ष्णेय से बात की। हादसे में घायलों का समुचित उपचार कराया जाए, इस पर नजर बनाए हैं। प्रमुख सचिव गृह ने कमान संभाल ली है। स्थानीय अधिकारियों और रेलवे के अधिकारियों के साथ बात कर यूपी के लोगों के उचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। यूपी सरकार ने टोल फ्री नंबर 1070, 94544410813, 9454441075 जारी किया है।

 

मदुरै DRM की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं:-
9360552608
8015681915

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.