जंग के बीच यूक्रेन ने रक्षा मंत्री को हटाया, जेलेंस्की बोले- मंत्रालय को नई अप्रोच की जरूरत

 

विदेश: सेना में भ्रष्टाचार के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अपने रक्षा मंत्री ओलेक्सी रेजनिकोव को हटा दिया है। ओलेक्सी रेजनिकोव जंग शुरू होने के 3 महीने पहले नवंबर 2021 में ही यूक्रेन के रक्षा मंत्री बने थे। उनकी जगह अब क्रीमियन तातार मूल के पूर्व सांसद रुस्तम उमेरोव लेंगे। जेलेंस्की ने इसकी घोषणा टेलीग्राम अकाउंट पर की है।

उन्होंने कहा- रेजनिकोव ने जंग के 550 दिनों तक मंत्रालय को संभाला है, अब मिनिस्ट्री को नई अप्रोच की जरूरत है। रेजनिकोव के नेतृत्व में यूक्रेन को रूस का सामना करने के लिए पश्चिमी देशों से खूब मदद मिली।

 

 

41 साल के उमेरोव यूक्रेन में विपक्षी पार्टी होलोस के नेता हैं। वो रूस के साथ युद्ध बंदियों, आम लोगों और बच्चों की अदला-बदली करवाने में शामिल रह चुके हैं। उन्होंने रूस के कब्जे वाले यूक्रेनी इलाकों से लोगों को निकलवाने में भी अहम भूमिका निभाई थी।

 

 

24 जनवरी को यूक्रेन के डिप्टी डिफेंस मिनिस्टर याचेस्लाव शापोवालोव को भ्रष्टाचार से जुड़े एक स्कैंडल में फंसने के बाद इस्तीफा देना पड़ा था। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक इसी स्कैंडल के चलते ओलेक्सी रेजनिकोव पर आरोप लगने लगे थे। हालांकि, ओलेक्सी पर सीधे तौर पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं है। वहीं माना जा रहा है कि जंग के बीच रक्षा मंत्रालय में हुए स्कैंडल से दुनिया भर में यूक्रेन की छवि बिगड़ी है।

 

 

अगस्त में एक स्कैंडल का खुलासा हुआ। इसमें दावा किया गया कि यूक्रेनी सैनिकों को मिलने वाली मिलिट्री जैकेट्स को तीन गुना ज्यादा दाम पर खरीदा गया। वहीं सर्दियों की जैकेट्स के बजाय सैनिकों के लिए हल्की गर्मी की जैकेट्स खरीदी गईं। जैकेट सप्लाई करने के वाले सप्लायर के दस्तावेजों में इनका दाम 29 डॉलर प्रति जैकेट है, जबकि डिफेंस मिनिस्ट्री ने इन्हें 86 डॉलर प्रति जैकेट के दर से खरीदा दिखाया गया है।

 

 

इससे पहले यूक्रेन के एक अखबार में 21 जनवरी को छपी रिपोर्ट में बताया गया था कि डिप्टी डिफेंस मिनिस्टर के निर्देश पर मंत्रालय ने खाने के सामान का कॉन्ट्रैक्ट तीन गुना ज्यादा महंगे दाम पर साइन किया था। द कीव इंडिपेंडेंट के मुताबिक एक अंडा जो कीव की दुकानों में 15 रुपए में मिलता है उसे 37 रुपए के भाव से खरीदा गया था।

अंडे के साथ-साथ कुछ और भी खाने के सामानों को महंगे दामों पर खरीदा गया था।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.