किम जोंग ने देखी रूसी हाइपरसोनिक मिसाइल किंझल, परमाणु क्षमता वाले बॉम्बर्स का जायजा लिया

 

विदेश।  रूस ने नॉर्थ कोरिया के तानाशाह किम जोंग को हाइपरसोनिक मिसाइल किंझल और परमाणु क्षमता वाले बॉम्बर्स दिखाए हैं। इंटरफैक्स के मुताबिक, इस दौरान किम जोंग के साथ रूसी रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु भी मौजूद रहे। उन्होंने 3 रूसी बॉम्बर Tu-160, Tu-95 और Tu-22M3 का भी जायजा लिया।

रूस के प्रिमोर्स्की क्षेत्र के गवर्नर ओलेग कोझेमायाको ने शनिवार को एक वीडियो शेयर किया। इसमें किम जोंग अपनी बुलेट प्रूफ ट्रेन से आर्टीयोम शहर पहुंचते हैं। जहां बच्चे फूल देकर उनका स्वागत करते हैं। यहां से वो व्लादिवोस्तोक एयरपोर्ट पहुंचते हैं। फिर रूसी रक्षा मंत्री के साथ तानाशाह परमाणु क्षमता वाले स्ट्रैटेजिक बॉम्बर्स और दूसरे वॉरप्लेन्स का जायजा लेते हैं।

 

 

 

रूस में किम को ये भी दिखाया गया कि कैसे एयरक्राफ्ट से मिसाइल्स फायर की जाती हैं। रूसी अधिकारी ने बताया कि ये बॉम्बर्स उनकी न्यूक्लियर फोर्स का अहम हिस्सा हैं। शोइगु ने बताया कि ये बॉम्बर मॉस्को से जापान तक जाने और फिर वहां से वापस लौटने में सक्षम हैं।

रूसी मीडिया टास के मुताबिक, क्रू कमांडर्स ने किम जोंग को Su-34 सुपरसोनिक फाइटर-बॉम्बर, Su-30SM, Su-35S फाइटर्स और Su-25SM3 अटैक एयरक्राफ्ट के बारे में बताया। इस दौरान ज्यादा फोकस इन फाइटर जेट्स की उड़ान और हथियार क्षमता पर रखा गया।

 

 

 

रूसी कैबिनेट से भी शुक्रवार को एक वीडियो जारी किया था, जिसमें किम एक प्लेटफॉर्म पर Su-57 वॉरप्लेन के कॉकपिट को देख रहे हैं। इस दौरान पायलट उन्हें जरूरी जानकारियां देता नजर आया। किम के सामने जंग के दौरान Su-35 फाइटर जेट की लैंडिंग को भी प्रदर्शित किया गया, जिसके बाद वो खुशी से ताली बजाते नजर आए थे।

इससे पहले शुक्रवार को किम जोंग उन ने रूस की उस फाइटर जेट फैक्टरी का निरीक्षण किया था, जिस पर पश्चिमी देशों ने पाबंदियां लगाई हैं। इस दौरान उनके साथ नॉर्थ कोरिया के सैन्य अधिकारी मौजूद रहे। किम ने उन वर्कशॉप का भी जायजा लिया था, जिनमें सुखोई फाइटर जेट बनाए जाते हैं। रूसी पायलट्स ने उन्हें फाइटर जेट्स के कॉकपिट से जुड़ी कई अहम जानकारियां दी थीं।

 

 

 

तानाशाह किम जोंग 12 सितंबर को रूस के दौरे पर पहुंचे थे। 13 सितंबर को उन्होंने राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात की थी। दोनों ने 40 सेकेंड तक हैंडशेक किया था। अलजजीरा के मुताबिक मुलाकात के बाद किम जोंग उन और पुतिन ने एक-दूसरे को राइफल्स गिफ्ट की थीं। पुतिन ने किम जोंग उन को स्पेस में पहना जाने वाला दस्ताना भी गिफ्ट किया था।

इसे रूस के अंतरिक्ष यात्री ने स्पेस विजिट के दौरान पहना था। इसकी जानकारी क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने दी। उन्होंने बताया था कि किम जोंग उन ने नॉर्थ कोरिया में बनी कई चीजें पुतिन को गिफ्ट की। इसमें एक गन भी शामिल है। दरअसल, पुतिन को आउटडोर एक्टिविटीज का काफी शौक है। पिछले दिनों उनके कई फोटोज सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे, जिनमें वो जंगलों में राइफल्स लिए नजर आए थे।

 

 

तानाशाह किम जोंग उन ने पुतिन को नॉर्थ कोरिया आने का न्योता भी दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार किया है। इससे पहले पुतिन 2000 में नॉर्थ कोरिया गए थे। तब उन्होंने किम जोंग उन के बीमार पिता किम जोंग इल का हालचाल जाना था।

अगर पुतिन इसी साल नॉर्थ कोरिया जाएंगे तो ये 23 साल बाद उनकी नॉर्थ कोरिया की विजिट होगी। रूस के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि पुतिन की विजिट से पहले अक्टूबर में रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव नॉर्थ कोरिया का दौरा करेंगे। वो पुतिन की यात्रा की तैयारियां का जायजा भी लेंगे।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.