राघव-परिणीति की शादी में नहीं आएंगी प्रियंका, सेलिब्रिटी कपल को एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर दी बधाई

 

 

बॉलीवुड एक्ट्रेस और आम आदमी पार्टी सांसद राघव चड्‌ढा के शादी की तैयारी पूरी हो चुकी है। शनिवार को चूड़ा सेरेमनी के साथ शादी के फंक्शन भी शुरू हो जाएंगे। शनिवार को परिणीति चोपड़ा की चूड़ा सेरेमनी दोपहर 12 बजे बाद शुरू होगी। बारिश के कारण फंक्शन के टाइमिंग बदले हैं। अब सभी कार्यक्रम होटल के अंदर ही होंगे।

वहीं, आज सुबह प्रियंका चोपड़ा ने इंस्टा पोस्ट के जरिए सेलिब्रिटी कपल को बधाई दी। इससे ये अनुमान लगाया जा रहा है कि वो इस वेडिंग में शामिल नहीं होंगी।

 

 

इधर, मेहमानों के आने का सिलसिला गुरुवार से शुरू हो चुका है। कपल के साथ आए कुछ फ्रेंड्स ने इंस्टाग्राम पर जेटी से होटल तक जाते हुए के भी वीडियो शेयर किए हैं। कुछ ने होटल के फोटो शेयर करते हुए वेन्यू की भी तारीफ की है। वहीं, शुक्रवार रात को राजस्थानी कल्चर नाइट का अयोजन किया गया। एक्ट्रेस भाग्यश्री ने राजस्थान डांस के फोटोज इंस्टाग्राम पर शेयर किए।

पिछोला झील में ही बने होटल ताज लेक पैलेस से महज 400 मीटर दूर होटल लीला में बारात रविवार को बोट्स के जरिए पहुंचेगी। बताया जा रहा है कि दूल्हे की डिमांड पर खास तौर पर होटल लीला पैलेस में विटेंज कार भी मंगवाई गई है। इसे दिल्ली से आए खास फूलों से सजाया जाएगा।

 

 

 

इससे पहले शनिवार शाम को 90s थीम पर लेडीज संगीत होगा। सूत्रों की मानें तो परिणीति ने अपने दूल्हे के लिए एक गाना भी तैयार किया है। जिस थीम पर संगीत की शाम सजेगी उसी थीम पर मेहमानों के ड्रेस कोड भी होंगे।

परिणीति और राघव चड्‌ढा का परिवार भी शुक्रवार को उदयपुर पहुंच गया था। परिणीति का परिवार होटल लीला और राघव का परिवार ताज लेक पैलेस में रुका हुआ है। दुल्हन के लिए खास महाराणा सुईट बुक किया गया है। उदयपुर पहुंचने के बाद गुरुवार की शाम को मेहंदी लगाई गई।

 

 

सूत्रों के अनुसार जब परिणीति के मेहंदी लगाई जा रही थी उस समय दोनों का परिवार भी मौजूद था। इसके बाद शाम को लीला पैलेस के शीश महल में डिनर रखा गया। शीश महल होटल के सबसे बेहतर डाइनिंग एरिया में आता ह। जहां पिछोला लेक का किनारा लगता है और सामने अरावली की पहाड़ियां हैं।

बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर, वरुण धवन शादी में शामिल होने के लिए शनिवार को आएंगे। वहीं, परिणीति चोपड़ा की बड़ी बहन प्रियंका चोपड़ा और उनकी बेटी मालती के आने पर अभी सस्पेंस बना हुआ है।

 

 

इसके अलावा दिल्ली CM अरविंद केजरीवाल और पंजाब के CM भगवंत मान के शनिवार दोपहर तक आने की संभावना है।

दोनों कपल के दोस्तों को ताज अरावली में भी रुकवाया गया है। शुक्रवार को यहां इनके लिए स्पेशल डिनर और राजस्थानी नाइट का इवेंट हुआ। इनके स्वागत में केसरिया बालम जब गाना गया तो सभी झूमने लगे। इसके साथ ही यहां आतिशबाजी भी की गई।

 

 

 

इस होटल में एक्ट्रेस भाग्यश्री और कवि शैलेश लोढ़ा समेत अन्य मेहमान रुके हुए हैं। भाग्यश्री ने होटल के कुछ वीडियो भी शेयर किए हैं। इनमें होटल का माहौल और राजस्थानी कलाकार गाने गाते हुए नजर आ रहे हैं।

एयरपोर्ट पर आने वाले मेहमानों के लिए ग्रैंड वेलकम रखा गया है। यहां पंजाब से आए कलाकार स्वागत के लिए तैनात है। इसके अलावा मेहमानों के लिए 180 लग्जरी गाड़ियों का काफिला तैयार किया गया है। बताया जा रहा है कि इसमें 100 इनोवा हैं, जबकि 80 BMW और मर्सिडीज जैसी लग्जरी कारें हैं। इन कारों से मेहमानों को होटल तक पहुंचाया जा रहा है।

 

 

इस रॉयल वेडिंग में वैसे तो अलग-अलग राज्यों की डिश परोसी जाएंगी, लेकिन विशेष तौर पर शादी के मेन्यू में पंजाबी और राजस्थानी ​खाना शामिल है। राजस्थानी डिश में दाल-बाटी चूरमे के साथ मेहमानों को मेवाड़ का स्पेशल ढोकला परोसा जाएगा। इसके अलावा इटालियन और फ्रेंच डिशेज भी रखी गई हैं।

 

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.