भाजपा नेता सोनल सिंह को अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने मारी गोली; हालत गंभीर

 

 

बिहार के नालंदा में थाना क्षेत्र के हवनपुरा गांव में बाइक सवार बदमाशों ने सोमवार की सुबह भाजपा नेता को गोलीमार कर जख्मी कर दिया।  जख्मी की पहचान थाना क्षेत्र के देकपुरा गांव निवासी सोनल सिंह (35) के रूप में की गई है। सोनल सिंह भाजपा में रहुई मंडल के महामंत्री के पद पर हैं। गोली सोनल सिंह के पेट में लगी है।

 

 

भारतीय जनता पार्टी नालंदा के महामंत्री अविनाश प्रसाद ने बताया कि रहुई पुलिस द्वारा उन्हें सूचना मिली कि उनके गांव के सोनल सिंह को अज्ञात बाइक सवार अपराधकर्मियों ने गोली मार दी। सूचना मिलने के बाद वे लोग सदर अस्पताल पहुंचे, जहां पता चला कि सोनल सिंह अपनी पत्नी के साथ बाइक से बाढ़ गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। तभी हवनपुरा गांव के पास बाइक सवार दो अपराधकर्मियों ने उन पर गोली चला दी। गोली उनके पेट में लगी है। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

 

 

अपराधियों द्वारा गोली क्यों मारी गई है, इस वजह का पता नहीं चल सका है। वहीं, इस घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखा जा रहा है। देकपूरा गांव के सरपंच, मुखिया घटना की जानकारी मिलते ही सदर अस्पताल पहुंच मामले की जानकारी लेने में जुट गए हैं।

रहूई थाना अध्यक्ष नंदन कुमार ने बताया कि जख्मी ने खुद फोन कर बताया कि उसे गोली मार दी गई है। इसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सोनल सिंह को बिहार शरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस युवक से फर्द ब्यान लेने के प्रयास में जुटी हुई है। गोली क्यों और किसने चलाई है, इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है और जल्द ही अपराधी को पकड़ कर जेल भेज दिया जाएगा ।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.