बाजार भाव महंगा होने से किसानों का खरीद केंद्रों से मोहभंग

ए ग्रेड के दामों में करीब दोगुने का अंतर
हमीरपुर। धान के दामों में सरकारी और बाजार भाव में भारी अंतर है। ऐसे में किसान केंद्रों के बजाए बाजार का रुख कर रहे हैं। तमाम किसान पंजाब और हरियाणा से आ रहे व्यापारियों को खेत से ही धान उठवा रहे हैं।
शासन ने कामन धान का रेट 2183 तथा ए ग्रेड का मूल्य 2203 रुपये तय किया है। जबकि बाजार में कामन धान 2500 तथा एक ग्रेड का धान 4000 से 4500 रुपये के मध्य बिक रहा है। कामन धान में यहां किसान नरेन्द्रा, पंत 24, पंत 19, पंत 18 आदि प्रजाति उत्पादन करता है। जबकि ए ग्रेड में किसान यहां पर सरबती, सोनम, सुंदरी, बासमती 1121, बासमती 1718, बासमती 1509 सहित अन्य प्रजातियों का उत्पादन करता है। बिदोखर के किसान परशुराम यादव, पाटनपुर के किसान छोटे पाल, टेढ़ा के किसान सौरभ सिंह, शिवमंगल सिंह, पचखुरा बुजुर्ग के किसान शिव सिंह, आसाराम यादव, पारा रैपुरा के बिहारी लाल प्रजापति, पंधरी के नवीन सिंह, बिरखेरा के जयराम यादव, बदनपुर के पंकज साहू, चंद्रपुरवा बुजुर्ग के राम बिहारी कुशवाहा, हरि कुशवाहा आदि ने बताया कि ज्यादातर किसानों के पास ए ग्रेड के धान का उत्पादन हुआ है। इसका बाजार भाव सरकारी भाव से करीब दुगुना है। इस वजह से किसान धान खरीद केंद्र नहीं जा रहा है। वहीं कुछ व्यापारी पंजाब, हरियाणा से यहां आकर खेतों में पहुंचकर ही धान खरीद कर रहे हैं। इससे किसानों का भाड़ा समय आदि भी बच रहा है। साथ वाजिब दाम भी प्राप्त हो रहे हैं। कामन धान भी सरकारी दर से बाजार में महंगा जा रहा है इससे किसानों का सरकारी केंद्रों से मोहभंग है और तीन दिन गुजर जाने के बाद बोहनी नहीं हो रही है। केंद्र प्रभारी रणजीत सिंह ने बताया कि शुक्रवार को नदेहरा के किसानों ने धान लेकर आने के लिए बोला था लेकिन शाम तक नहीं आए हैं।
Leave A Reply

Your email address will not be published.