श्रीराम के स्वागत को अयोध्या सी सजी सुहागनगरी:रोशनी से जगमगाए हाईवे, चौराहे और प्रतिष्ठान, आज घर-घर होगा लक्ष्मी-गणेश का पूजन

फिरोजाबाद में घट-घट में बसने वाले भगवान श्रीराम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान के स्वागत को सुहागनगरी अयोध्या सी सज गई है। हर ओर दीपोत्सव का उल्लास है। घरों और प्रतिष्ठानों में सफाई के बाद बंदनवार बंधवाए गए हैं। शनिवार को शाम होते ही हाईवे से लेकर प्रमुख चौराह, सरकारी और निजी प्रतिष्ठान सतरंगी रोशनी से जगमगा गए। महिलाओं ने सांझ होते ही घर की चौखट पर दीपक जलाए। बच्चों की खुशियों देखते ही बन रही हैं।

जिस महापर्व को लेकर पिछले एक महीने से तैयारी चल रही थी। वह आ गया है। रविवार को दीपावली मनाने के लिए शनिवार की देर रात तक बाजारों में खरीददारी हुई। आतिशबाजी विक्रेता हों या मिठाई वाले, रेडीमेड कपड़ों की दुकान हो या शापिंग माल। हर जगह भीड़ थी। दुकानदारों को खाना खाने तक की फुर्सत नहीं मिली।

दुकानों पर भी रही भीड़
सुबह से ही लोग रसोई और पूजन सामग्री के साथ सजावटी सामान की खरीदारी में जुट गए। इधर एक-दूसरे के घर मिठाई और शुभाकामना संदेश भेजने का काम शुरू हो गया। इस बार लोगों ने मिठाई के साथ ही गजक, बिस्कुट, चाकलेट और सूखे मेवे के गिफ्ट पैक भेजना ज्यादा पसंद किए। इसलिए इनकी दुकानों पर भी भीड़ रही। शनिवार को शाम होते ही हर ओर सतरंगी रोशनी बिखर गई।

नगर निगम प्रशासन द्वारा कराई गई सजावट से शहर के प्रवेश द्वारा सुभाष तिराहा से लेकर गांधी पार्क और हाईवे तक जगमगा रहा था। चौराहों और सड़कों के साथ ही सभी महान विभूतियाें की प्रतिमाएं भी झिलमिला रहीं थीं। इसी तरह के दृश्य जिला मुख्यालय, तहसील और ब्लाक मुख्यालयों के साथ ही गांवों तक दिखाई दिए। शाम को आतिशबाजी भी हुई।

बच्चों का उत्साह का देखने लायक है। नए-नए कपड़े, मिठाईयां और पटाखे। उनकी पसंद की सभी चीजें इस त्योहार पर उपलब्ध हैं। रविवार को सुबह से ही घरों में दीपावली पूजन की तैयारी हो जाएगी। व्यापारिक प्रतिष्ठानों में दोपहर को और घरों में शाम को लोग मुहूर्त और अपनी-अपनी सुविधानुसार पूजन करेंगे। दीपोत्सव का पर्व शांति और प्रसन्नता के साथ मने इसके लिए जिला और पुलिस प्रशासन ने व्यवस्थाएं भी चौकस की हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.