दो हत्याओं से दहला बुलंदशहर: पति ने की पत्नी की गोली मारकर हत्या; रुपयों के विवाद में युवक का किया क़त्ल

 

गाजियाबाद में दीपावली के त्योहार पर रविवार देर शाम बुलंदशहर के नगर और देहात कोतवाली इलाके में एक महिला समेत दो लोगों की हत्या का मामला सामने आया है। नगर में पति ने ही पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं देहात कोतवाली के गांव ताजपुर में शराब के रुपयों को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुट गई है।

नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला देवीपुरा निवासी 50 वर्षीय महिला सुशीला रविवार देर शाम घर पर ही पूजा की तैयारी कर रही थी। रात करीब 9:30 बजे उसका पति घर आया और लाइसेंसी राइफल से पत्नी के सीने पर गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी पति को पुलिस ने मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।

 

 

साथ ही आलाकत्ल बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए, उसका कहना था कि इसी के चलते उसने पत्नी की हत्या की है। पुलिस ने महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतका के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। हालांकि, मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।

देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव ताजपुर निवासी बंटी दिल्ली में रहकर नौकरी करता था। दीपावली त्यौहार के चलते वह अपने गांव आया हुआ था। बताया गया कि रविवार देर शाम गांव में ही उसका एक व्यक्ति से शराब के पैसों को लेकर विवाद हुआ था। इसी के चलते आरोपी व्यक्ति ने धारदार हथियार से उसके गले पर वार कर दिया।

 

 

लोगों को आता हुआ देख आरोपी मौके से भाग निकला। परिजनी ने घायल बंटी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक आरोपी को पकड़ा नहीं जा सका है।

 

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.