लखनऊ में आज सुब्रत रॉय का होगा अंतिम संस्कार: अंतिम दर्शन को उमड़े हजारों लोग; अखिलेश यादव भी होंगे शामिल

 

 

लखनऊ में आज सहारा इंडिया के चेयरपर्सन सुब्रत रॉय का अंतिम संस्कार किया जाएगा। सहारा इंडिया परिवार के सभी सदस्यों की मौजूदगी में दोपहर 12:00 बजे बैकुंठ धाम में अंतिम संस्कार होगा। अंतिम संस्कार के मौके पर उनके दोनों बेटे मौजूद नहीं रहेंगे, ऐसे में उनका पोता हिमांक उन्हें बैकुंठ धाम में मुखाग्नि देगा। दरअसल, सुब्रत रॉय के दोनों बेटे सुशांतो और सीमांतो रॉय विदेश में है। वह अंतिम यात्रा में शामिल नहीं हो पाएंगे। सुब्रत के अंतिम संस्कार के दौरान उनका 16 साल का हिमांक उन्हे मुखाग्नि देंगा। हिमांक, सुब्रत के छोटे बेटे सीमांतों का बेटा है जो फिलहाल लंदन में पढ़ाई करता है।

 

 

इधर, गुरुवार सुबह से सहारा शहर लोगों आना जाना शुरू हो गया है। लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंच रहे हैं। सहारा इंडिया परिवार के कर्मचारियों और उनसे जुड़े परिवार के लोगों को मुख्य द्वार से ही एंट्री मिल रही है। सहारा शहर के बाहर उनके करीबियों की 1 किलोमीटर लंबी लाइन लगी है। वही, दूसरी तरफ सुरक्षा और ट्रैफिक के लिहाज से बैकुंठ धाम के बाहर पुलिस तैनात कर दी गई है।

बुधवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सहारा शहर पहुंचकर अंतिम दर्शन किए। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने X पोस्ट पर लिखकर सुब्रत राय सहारा को श्रद्धांजलि अर्पित की। सहारा इंडिया परिवार की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक सहारा शहर से लेकर बैकुंठ धाम तक सुब्रत रॉय की अंतिम यात्रा पैदल ही निकाली जाएगी। जिसमें 25 हजार लोग शामिल हो सकते हैं। साथ ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी अंतिम यात्रा में पहुंचने की संभावना है।

 

 

 

सहारा ग्रुप के चेयरमैन सहारा श्री सुब्रत रॉय का पार्थिव शरीर बुधवार शाम चार्टर प्लेन से लखनऊ लाया गया। यहां सहारा शहर में शव को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, कार्यवाहक सीएम रहे अम्मार रिजवी सहित बड़ी संख्या में करीबी सहारा शहर पहुंचे। सहारा इंडिया परिवार के सदस्यों ने सहाराश्री अमर रहे के नारे लगाए।

गुरुवार सुबह बैकुंठ धाम में अंतिम संस्कार होगा। सुब्रत रॉय का मंगलवार रात 10:30 बजे मुंबई में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे। सहारा इंड‍िया ग्रुप ने बताया क‍ि सुब्रत रॉय सहारा को मेटा स्टैटिक मेलिगनेंसी, हाई ब्‍लड प्रेशर और डायब‍िटीज की समस्‍या थी। कार्डियोरेस्पिरेटरी अरेस्ट के कारण उनका निधन हुआ। वे 12 नवंबर से कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल और मेडिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट (केडीएएच) में भर्ती थे।

 

 

 

सुब्रत रॉय का जन्म 10 जून 1948 को बिहार के अररिया में हुआ था। कोलकाता के होली चाइल्ड स्कूल से शुरूआती शिक्षा पूरी की। इसके बाद उन्होंने राजकीय तकनीकी संस्थान गोरखपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया। सहाराश्री ने साल 1978 में गोरखपुर से अपना व्यवसाय शुरू किया और सहारा इंडिया परिवार की स्थापना की।

साल 2012 में इंडिया टुडे पत्रिका ने सुब्रत रॉय को भारत के 10 सर्वाधिक अमीर लोगों में शामिल किया था। आज सहारा समूह हाउसिंग, एंटरटेनमेंट, मीडिया, रिटेल और वित्त सेवाओं जैसे तमाम क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, सहारा समूह के पास जून-2010 तक लगभग 1,09,224 करोड़ रुपए की परिसंपत्ति थी।

 

 

 

सुब्रत ने करियर की शुरुआत नमकीन स्नैक्स बेचने से की थी। वह अपनी लंब्रेटा स्कूटर पर जया प्रोडक्ट के नाम से स्नैक्स बेचते थे। साल 1978 में उन्होंने गोरखपुर में एक छोटे से ऑफिस से सहारा की नींव रखी। रॉय के नेतृत्व में, सहारा ने कई व्यवसायों में विस्तार किया। रॉय का साम्राज्य एयरलाइंस, फाइनेंस, रियल एस्टेट, मीडिया और हॉस्पिटैलिटी से लेकर अन्य सेक्टर्स में फैला हुआ था।

सहारा ग्रुप ने 1992 में हिंदी भाषा का समाचार पत्र राष्ट्रीय सहारा लॉन्च किया। 1990 के दशक के अंत में पुणे के पास लग्जरी एम्बी वैली सिटी परियोजना शुरू की। सहारा चैनल के साथ टीवी इंडस्ट्री में घुसे। 2000 के दशक में, सहारा ने लंदन के ग्रोसवेनर हाउस होटल और न्यूयॉर्क शहर के प्लाजा होटल जैसी प्रतिष्ठित संपत्तियों के अधिग्रहण के साथ अंतरराष्ट्रीय सुर्खियां बटोरीं।

 

 

 

सहारा ग्रुप ने 1992 में हिंदी भाषा का समाचार पत्र राष्ट्रीय सहारा लॉन्च किया। 1990 के दशक के अंत में पुणे के पास लग्जरी एम्बी वैली सिटी परियोजना शुरू की। सहारा चैनल के साथ टीवी इंडस्ट्री में घुसे। 2000 के दशक में, सहारा ने लंदन के ग्रोसवेनर हाउस होटल और न्यूयॉर्क शहर के प्लाजा होटल जैसी प्रतिष्ठित संपत्तियों के अधिग्रहण के साथ अंतरराष्ट्रीय सुर्खियां बटोरीं।

सुब्रत रॉय के दो बेटे शुशांतो रॉय और सीमांतो रॉय हैं। 2004 में सुब्रत रॉय ने अपने दोनों बेटों की शादी लखनऊ के एक स्टेडियम में की थी। जिस पर करीब 500 करोड़ रुपए खर्च किए थे। इस शादी में सियासी, ग्लैमर, खेल और कारोबारी जगत की हस्तियों ने शिरकत की थी। अमिताभ बच्चन, ऐश्वर्या रॉय, अनिल अंबानी और मुलायम सिंह जैसी हस्तियां इसमें शामिल हुई थी।

 

 

 

सीएम योगी ने X पर लिखा-सहारा समूह के प्रमुख श्री सुब्रत रॉय जी का निधन अत्यंत दुःखद है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति दें। ॐ शांति!

अखिलेश यादव ने सुब्रत रॉय के निधन पर X पर तस्वीर शेयर कर श्रद्धांजलि दी, उन्होंने लिखा- “सहारा श्री सुब्रत रॉय जी का निधन उत्तर प्रदेश और देश के लिए भावात्मक क्षति है। क्योंकि वो एक अति सफल व्यवसायी के साथ-साथ एक ऐसे अति संवेदनशील विशाल हृदय वाले व्यक्ति भी थे। जिन्होंने अनगिनत लोगों की सहायता की, उनका सहारा बने. भावभीनी श्रद्धांजलि!”

 

 

 

पटना हाईकोर्ट में सहारा इंडिया के खिलाफ लोगों के पैसों का कई सालों से भुगतान नहीं करने का एक मामला चल रहा है। लोगों ने ये पैसे कंपनी की कई स्कीमों में लगाए थे। इस केस में पटना हाईकोर्ट के गिरफ्तारी के आदेश पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी थी। साथ ही उनके खिलाफ आगे किसी तरह की कार्रवाई को लेकर यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया था।

सुब्रत रॉय के खिलाफ इसी तरह का एक मामला सुप्रीम कोर्ट में भी पहले से चल रहा है। जिसमें वह जमानत पर बाहर थे। वहीं, निवेशकों के पैसे लौटाने को लेकर सहारा इंडिया का दावा है कि वह सारी रकम सेबी के पास जमा करा चुके हैं।

 

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.