गांव वालों के सामने पीट-पीटकर पत्नी को उतारा मौत के घाट: 12 घंटे तक ट्रैक्टर-ट्राली में घुमाता रहा बॉडी

 

उत्तर प्रदेश के देवरिया में खेत में पति ने पत्नी की दिनदहाड़े हत्या कर दी। इसके बाद शव को ट्रैक्टर-ट्राली में रखकर 12 घंटे तक घुमाता रहा। आरोपी पति का गांव में खौफ ऐसा दिखाई दिया कि खेतों में काम करने वाले लोगों ने खुद हत्या करते देखा, लेकिन किसी ने बीच-बचाव करने और पुलिस को सूचना देने की हिम्मत नहीं जुटाई।

इसके बाद पुलिस को पूरे मामले की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी को बरहज और कटईलवा की तरफ ढूंढती रही, जबकि आरोपी ने अपनी पत्नी का शव कुशीनगर के जंगल में ले जाकर रात में ही फेंक दिया था। रविवार को आरोपी को हिरासत में लेने के बाद, उसकी निशानदेही पर महिला का शव बरामद किया गया।

 

 

पूरा मामला जिले के सुरौली थाना क्षेत्र के सुकई परसिया गांव का है। यहां आलोक उर्फ विपिन सिंह की गांव में दबंगई चलती है। उसका इतना खौफ है कि उसके मामले में कोई बोलता नहीं है। शनिवार को गांव के पश्चिम खेत में आलोक ट्रैक्टर से अपनी खेत की जुताई कर रहा था। इसके अलावा आस-पास गांव के अन्य लोग अपने खेतों में काम कर रहे थे। दिन में करीब 3 बजे पत्नी खुशबू पहुंची और ट्रैक्टर रोकने का इशारा की। ट्रैक्टर रुकते ही छठ पूजा पर खरीदारी के लिए तीन हजार रुपयों की मांग की। आलोक ने पत्नी को गालियां देते हुए रुपए देने से इंकार कर दिया।

इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। बात बढ़ गई और आलोक ने पीट-पीटकर खुशबू की हत्या कर दी। हत्या के बाद आलोक दरवाजे पर पहुंचा और ट्राली लेकर खेत में गया और शव को उसमें रखकर निकल गया। इस दौरान एक घंटे तक लोग तमाशबीन बने रहे। लोगों ने बोलना तो दूर पुलिस को जानकारी भी नहीं दी। आलोक को ट्रैक्टर-ट्राली लेकर जाते हुए लोगों ने फुलवरिया चौराहे पर देखा था।

 

 

देर शाम को पुलिस ने गांव वालों से जानकारी ली। इसके बाद आलोक की तलाश शुरू की। रविवार को आलोक को पुलिस ने हिरासत में लिया तो कुशीनगर में शव फेंकने की बात सामने आई। आरोपी को लेकर कुशीनगर पहुंची सुरौली पुलिस ने उसकी निशानदेही पर शव को बरामद कर लिया। खुशबू की हत्या की जानकारी उसके भाई और सेना में सेवारत कुलदीप को दी गई। पुलिस उसके आने का इंतजार कर रही है।

आलोक उर्फ विपिन सिंह अपने मां-बाप का इकलौता बेटा है। 6 वर्ष पहले पड़ोस की रहने वाली खुशबू को अपना दिल दे बैठा। दोनों के प्रेम संबंध की चर्चा गांव में आम हुई तो कई लोगों से आलोक विवाद करने लगा। इसी तरह के विवाद में गांव के सत्य नारायण कुशवाहा को पीटकर मार डाला था। पुलिस ने आलोक पर हत्या का केस दर्ज कर जेल भेज दिया था। दो साल जेल में रहने के बाद जमानत पर रिहा हुआ। इसके बाद खुशबू से कोर्ट मैरिज किया।

 

 

दोनों पति-पत्नी के रूप में देवरिया शहर में किराए के मकान में रहने लगे। गांव में हत्या के बाद आलोक का खौफ पसर गया। दोनों की एक बेटी है। आलोक शहर में जेसीबी चलाता था। पत्नी से विवाद के बाद एक महीने से माता-पिता के पास गांव पर रहकर खेती किसानी करने लगा था। शनिवार सुबह दोस्त से रुपये उधार लेकर शव को ठिकाने लगाया। पत्नी की हत्या के बाद कुशीनगर में शव ठिकाने लगाने के बाद सुबह करीब 8 बजे आलोक शहर के सिंचाई विभाग चौराहा पर पहुंचा। उसके पैर में चप्पल नहीं था।

सीसी रोड के एक निजी अस्पताल के मैनेजर अपने मित्र से मिला और घटना की जानकारी देने के बाद कुछ रुपए उधार मांगा। स्टेडियम से मॉर्निंग वॉक कर चाय की दुकान पर चाय पी रहे लोग पत्नी की हत्या करने की बात सुनकर दंग रह गए। वहां पर भलुअनी थाना में तैनात एक कांस्टेबल भी था। जो स्टेडियम में टहलने आया था। कांस्टेबल ने हत्या के आरोपी आलोक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन लोगों ने उसे भगा दिया।

 

 

 

इसके बाद सिपाही ने सुरौली पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर सक्रिय पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी पूर्व में हत्या के एक मामले में जमानत पर है। पत्नी की हत्या के मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.