3 दिन बाद कड़ाके की ठंड : 42 जिलों में पारा 13°C से कम, कल से बारिश का अनुमान

यूपी में तीन दिन बाद यानी 28 नवंबर से कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान है। इसका असर भी दिखना शुरू हो गया। शुक्रवार को प्रदेश के 42 जिलों का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान भी 28 डिग्री से कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग की तरफ से 26 नवंबर से बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश होने के साथ ही शीतलहर भी शुरू हो सकती है।

कानपुर की सीएसए यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक, 26 और 27 नवंबर को यूपी के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं तेज हवाएं भी चल सकती हैं। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से यूपी में ठंडी हवाएं आना शुरू हो गई। नवंबर के आखिरी दिनों और दिसंबर की शुरुआत ठंड के साथ होगी। दिन के तापमान में भी तेजी से गिरावट दर्ज होगी। वहीं दिसंबर में शीतलहर चलेगी।

प्रदेश में बरेली की रात सबसे सर्द
शुक्रवार को मौसम की बात करें तो लगातार बरेली सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मेरठ के तापमान में भी काफी गिरावट दर्ज की गई। यहां मेरठ में इस सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री दर्ज किया। अधिकतम तापमान कुशीनगर का सबसे कम 22 डिग्री दर्ज किया गया।

दिसंबर में चलेगी शीतलहर
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, दिसंबर में शीतलहर की शुरुआत हो सकती है। बता दें कि ठंड में न्यूनतम तापमान जब 10 डिग्री सेल्सियस से 4-5 डिग्री नीचे चला जाता है या 4 डिग्री सेल्सियस के पास पहुंच जाता है तो ये शीत लहर प्रकोप कहा जाता है।

प्रमुख शहरों के तापमान…

जिला अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
आगरा 27.8°C 12.1°C
बरेली 25.2°C 08.4°C
अयोध्या 26.5°C 10.5°C
गाजियाबाद 23.8°C 12.7°C
गोरखपुर 28.4°C 12.7°C
कानपुर 26.2°C 13.4°C
लखनऊ 28.5°C 12.6°C
प्रयागराज 28.8°C 13.4°C
मेरठ 25.6°C 09.2°C
वाराणसी 29.2°C 12.6°C
  • अब बात प्रदूषण की करते हैं…

ठंड की शुरुआत के साथ ही यूपी में प्रदूषण का स्तर भी बढ़ने लगा है। मेरठ और गाजियाबाद में प्रदूषण की स्थिति सबसे खराब रही। शुक्रवार को यूपी में मेरठ सबसे प्रदूषित शहर रहा। यहां AQI 424 रहा, जो प्रदूषण की सीवियर कंडीशन है। यही स्थिति गाजियाबाद की 401 के साथ रही, यहां हवा सांस लेने लायक तक नहीं रही। लोगों को यहां सांस लेने में दिक्कत हुई। वहीं, आंखों में जलन और आंसू आते रहे। गले में खराश भी रही।

प्रमुख शहरों में प्रदूषण

जिला एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI)
मेरठ 424
मुजफ्फरनगर 279
नोएडा 367
बागपत 357
गाजियाबाद 401
गेटर नोएडा 365
लखनऊ 265

बारिश से मिलेगी राहत
मौसम वैज्ञानिकों ने 26 नवंबर से बारिश के आसार जताए गए हैं। बारिश और तेज हवाओं के चलने से प्रदूषण से राहत मिलेगी। दीपावली के दौरान दिल्ली-एनसीआर और वेस्ट यूपी में बारिश के बाद प्रदूषण से राहत मिल गई थी। इसके बाद से लगातार प्रदूषण बढ़ रहा है। अब बारिश होने से फिर से राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.