धान क्रय केन्द्र का डीएम ने किया निरीक्षण, दिये निर्देश

फतेहपुर । दिन शुक्रवार को जिलाधिकारी सी.इंदुमती ने ब्लॉक भिटौरा के अंतर्गत धान क्रय केन्द्र प्रथम, द्वितीय(विपणन शाखा), किसान सेवा सहकारी समिति में लगाए गए धान क्रय केन्द्र(पीसीएफ) हुसैनगंज का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने धान क्रय केन्द्रों में नमी मापक यंत्र, इलेक्ट्रानिक कांटा, चलना, बोरो की उपलब्धता, धान खरीद रजिस्टर आदि को देखा। उन्होंने मौके पर नमी मापक यंत्र से अपने सामने धान की नमी की जांच कराई और अपने सामने भरे हुए धान के बोरे की तौल कराई जो मानक के अनुरूप पाए गए। उन्होंने केन्द्र प्रभारी से कहा कि तौल किए गए धान में केन्द्र के बोरो पर अपने केन्द्र का मार्का अवश्य लगाए साथ ही किसानों को धान विक्रय में किसी भी प्रकार की समस्या न होने पाए। धान क्रय केन्द्र प्रथम, द्वितीय(विपणन शाखा) में मौके पर धान की तौल कराने आए किसान मनीष कुमार बेरागढ़ीवा, किसान सहकारी समिति में कृषक भानमती पत्नी संतोष ग्राम मथैया से बात कर धान विक्रय की जानकारी ली और कृषको द्वारा बताया गया कि नियमानुसार धान क्रय किया गया। केन्द्र प्रभारी धान क्रय केन्द्र प्रथम, द्वितीय(विपणन शाखा) ने बताया की अब तक कुल 39 कृषको से 1600 कुंतल धान किसानों से क्रय किया गया है वही किसान सेवा सहकारी समिति में कुल 876 कुंतल धान किसानों से क्रय किया गया है। जिलाधिकारी ने धान क्रय केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि समय से धान का उठान समय से कराया जाय और धान विक्रय में किसानों को कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजीकृत किसानों को धान क्रय केन्द्र में धान विक्रय हेतु समन्वय स्थापित करते हुए ज्यादा से ज्यादा धान क्रय किया जाय। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) अविनाश त्रिपाठी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी संजय कुमार श्रीवास्तव, धान क्रय केंद्र प्रभारी सहित किसान उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.