राजस्थान समेत 4 राज्यों में आज कोल्ड वेव की चेतावनी दिल्ली में 22 ट्रेनें लेट, स्कूलों की छुट्टी 5 दिन बढ़ाई गई

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड जारी है। मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में रविवार को कड़ाके की ठंड पड़ने की चेतावनी जारी की है। इन राज्यों में 7,8 और 9 जनवरी को शीत लहर का अनुमान जताया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 14 राज्यों में कोहरे की स्थिति बनी हुई है। इनमें उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, ओडिशा शामिल हैं। इसके अलावा नॉर्थ-ईस्ट में असम, मेघायल, मिजोरम और त्रिपुरा में भी घने कोहरे का अनुमान जताया गया है।

कोहरे की वजह से राजधानी दिल्ली में रविवार को 22 ट्रेनें 1 घंटे से लेकर साढ़े 6 घंटे लेट पहुंची हैं। इनमें राजस्थान, मध्य प्रदेश और बिहार से आने वाली ट्रेनें सबसे ज्यादा प्रभावित हुई हैं। दिल्ली में ठंड को देखते हुए राज्य में 1 से 5वीं क्लास तक की छुट्‌टी 12 जनवरी तक बढ़ा दी गई हैं।

मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, तमिलनाड़ और केरल में बारिश हुई है। इसके बाद यहां के तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। रांची जैसे शहरों में रविवार को घना कोहरा रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में आज बारिश हो सकती है।

आगे कैसा रहेगा मौसम
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, 8 जनवरी (सोमवार) से उत्तर-पश्चिम भारत में नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का प्रभाव दिखेगा। इसकी वजह से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में अगले 8 और 9 जनवरी को हल्की बारिश होने का अनुमान है।

मध्य भारत की बात करें तो गुजरात, मध्यप्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र के उत्तरी भाग में भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। उधर, दक्षिण भारत के तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश में भी सोमवार को बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड का असर पिछले सात दिनों से लगातार बना हुआ है। पूरा प्रदेश सर्द हवाओं और घने कोहरे के आगोश में है। हरदा में रविवार सुबह से तेज बारिश हुई है। वहीं, ग्वालियर और गुना सबसे ठंडे हैं। यहां पारा 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा है। दोनों ही शहर हिमाचल-उत्तराखंड के प्रमुख शहर- धर्मशाला, चंबा, मंडी और देहरादून से भी ठंडे हैं

बिहार में अगले दो से तीन दिनों तक लोगों को ठंड से राहत नहीं मिलेगी। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से शुक्रवार देर रात हुई हल्की बारिश से ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन तक न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की कमी देखने को मिल सकती है।

छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम के करवट ले रहा है। पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने से शनिवार को सरगुजा संभाग और उससे लगे जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई। कोरिया, बलरामपुर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में पानी गिर रहा है। इसके कारण ठंड बढ़ गई है और दिन का तापमान गिरा है।

उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। सोमवार से गुरुवार यानी 4 दिनों तक मूसलाधार बारिश और ओले गिरने की संभावना है। शनिवार को सबसे ज्यादा बारिश सुल्तानपुर में हुई, वहीं मुजफ्फरनगर में कड़ाके की ठंड पड़ी।

पंजाब के कई शहरों में कोहरे के कारण विजिबिलिटी 25 मीटर से नीचे पहुंच गई है। शीतलहर के चलते दिन व रात के तापमान में लगभग 3 डिग्री का अंतर रह गया है। आज भी सूरज के चमकने के कोई आसार नहीं हैं। सोमवार तक लोगों को किसी भी प्रकार से राहत मिलती नहीं दिख रही है।

हरियाणा के 21 जिलों में कोल्ड डे और धुंध का अलर्ट जारी किया गया है। यहां घने कोहरे के साथ ही शीत लहर की स्थिति भी बनी हुई है। राज्य के 5 जिले ऐसे चिह्नित किए गए हैं, जहां दिन का तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। सुबह-शाम धुंध का आलम बना हुआ है कि शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में 10 मीटर तक ही विजिबिलिटी रिकॉर्ड की गई है।

झारखंड में रांची सहित कई जिलों में रविवार सुबह घना कोहरा देखने को मिला। शनिवार को गढ़वा में सबसे ज्यादा 28 एमएम, कोडरमा में 13 एमएम और पलामू में छह एमएम बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट आई और एक बार फिर ठंड बढ़ गई। रांची में 10 जनवरी को भी गरज के साथ बारिश होने की संभावना है

मौसम विभाग की एडवाइजरी- ड्राइविंग में सावधानी रखें

  • ट्रैफिक – कोहरा होने पर गाड़ी चलाते समय या किसी ट्रांसपोर्ट के जरिए ट्रैवल करते समय सावधानी रखें। ड्राइविंग धीरे करें और फॉग लाइट का इस्तेमाल करें। ट्रैवल शेड्यूल के लिए एयरलाइंस, रेलवे और स्टेट ट्रांसपोर्ट के संपर्क में रहें। एयरलाइंस कंपनियों ने यात्रियों से कहा है कि वे एयरपोर्ट रवाना होने से पहले उड़ानों की स्थिति चेक कर लें।
  • हेल्थ – जब तक इमरजेंसी न हो, तब तक बाहर निकलने से बचें और चेहरे को ढंक कर रखें। अस्थमा, ब्रोंकाइटिस से पीड़ित लोग लंबे समय तक घने कोहरे में रहने से बचें। इससे सांस से जुड़ी परेशानी बढ़ सकती है।
Leave A Reply

Your email address will not be published.