‘फाइटर’ के बाद इन 10 एक्शन फिल्मों पर नजर, ‘बस्तर’, ‘बीएमसीएम’ और ‘किल’ पर टिकीं निगाहें

 

 

 

 

बीते साल ‘पठान’, ‘जवान’, ‘गदर 2’, ‘द केरल स्टोरी’ और ‘एनिमल’ जैसी एक्शन फिल्में देख चुके दर्शकों को इस साल के पहले महीने में रिलीज फिल्म ‘फाइटर’ ज्यादा पसंद नहीं आई। एक तो इस फिल्म में हीरोगिरी बिल्कुल नहीं दिखी, दूसरे फिल्म का कथानक इसके ठीक पहले रिलीज हो चुकी फिल्म ‘तेजस’ जैसा ही नजर आया। लेकिन, एक्शन के दीवानों के लिए अभी तो ये बस इस साल की शुरुआत है। इस साल एक्शन फिल्मों में भी काफी विविधता दिखने वाली है। विद्युत जामवाल से लोगों को एक्शन में कुछ नया दिखाने की उम्मीदें हैं। अदा शर्मा का नया रूप भी लोगों को आकर्षित कर रहा है। लेकिन, एक्शन का असल धमाका इस साल जिन दो फिल्मों में दिखने वाला है, वे दोनों एक दूसरे के बिल्कुल विपरीत हैं, कौन सी हैं ये दो फिल्में, आइए जानते हैं इस साल रिलीज की कतार में लगीं इन टॉप 10 फिल्मों के जरिये।

 

 

 

अभिनेता विद्युत जामवाल की फिल्म ‘क्रैक- जीतेगा तो जिएगा’ एक्शन स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म है। इस फिल्म में विद्युत जामवाल का जबरदस्त एक्शन अवतार देखने को मिलेगा। आदित्य दत्त के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण विद्युत जामवाल ने ही किया है। फिल्म में विद्युत जामवाल के अलावा  नोरा फतेही, अर्जुन रामपाल और एमी जैक्सन की मुख्य भूमिकाएं हैं।

 

 

 

मार्च महीने में यूं तो कई एक्शन फिल्में प्रस्तावित हैं, लेकिन इन सबमें निर्माता विपुल शाह की सुदीप्तो सेन निर्देशित फिल्म ‘बस्तर’ सबसे अलग है। बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का सघन ज्ञान रखने वाले लेखर अमरनाथ झा की लिखी इस फिल्म में अदा शर्मा और इंदिरा तिवारी की प्रमुख भूमिकाएं हैं। फिल्म सत्य घटनाओं पर आधारित है और इसमें खालिस देसी एक्शन दिखेगा। ये इस साल की सबसे अलग एक्शन फिल्म मानी जा रही है।

 

 

 

फिल्म ‘योद्धा’ एयरप्लेन हाईजैक की घटना पर आधारित जबरदस्त एक्शन फिल्म है। सागर अंब्रे और पुष्कर ओझा के निर्देशन में बनी इस एक्शन थ्रिलर फिल्म का निर्माण धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले हीरू यश जौहर, करण जौहर और अपूर्व मेहता ने किया है। इस फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा के अलावा दिशा पटानी और राशि खन्ना की मुख्य भूमिकाएं हैं। इस फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा ने एक ऐसे ऑफ-ड्यूटी सैनिक की भूमिका निभाई है जो  अपहर्ताओं का मुकाबला करने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक योजना तैयार करता है।

 

 

फिल्म ‘बेबी जॉन’ में अभिनेता वरुण धवन पहली बार एक्शन अवतार में नजर आएंगे। शाहरुख खान की ‘जवान’ का निर्देशन करने वाले मशहूर साउथ सिनेमा के निर्देशक निर्देशक एटली इस फिल्म को प्रस्तुत  कर रहे हैं। फिल्म का  निर्देशन  ए. कालीस्वरन ने किया है। यह फिल्म एटली की तमिल ब्लॉकबस्टर ‘थेरी’ का आधिकारिक हिंदी रूपांतरण है।

 

 

 

फिल्म ‘बस्तर’ के बाद जिस दूसरी एक्शन फिल्म पर दर्शकों की नजरें अभी से टिकी हुई हैं, वह फिल्म है निर्देशक अली अब्बास जफर की अभिनेता अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ अभिनीत फिल्म ‘बड़े मियां छोटे मियां’। फिल्म में दोनों सितारों के डबल रोल होने की संभावना है। इसका एक्शन बहुत ही विशाल स्तर पर जॉर्डन में शूट किया गया है। फिल्म में पृथ्वीराज सुकुमारन, सोनाक्षी सिन्हा, मानुषी छिल्लर, रोनित बोस रॉय और अलाया एफ भी मुख्य भूमिकाओं में हैं।

 

 

 

निर्देशक निखिल नागेश भट्ट की फिल्म ‘किल’ कहानी नई दिल्ली आ रही एक एक्सप्रेस ट्रेन में घटती है जिसमें कुछ डाकू लूटपाट और अपहरण के इरादे से चढ़ते हैं। इसी ट्रेन में अपनी प्रेमिका से मिलने जा रहा एक कमांडो भी है। यह भूमिका नए कलाकार लक्ष्य ने निभाई है। इसके निर्देशक निखिल भट्ट इससे पहले हाल ही में फिल्म ‘अपूर्वा’ में अपनी काबिलियत का बढ़िया नमूना दिखा चुके हैं। फिल्म बहुत ही ज्यादा हिंसक और खून खराबे से भरी हुई है और फिल्म ‘एनिमल’ से सामने आई वीडियो गेम जनरेशन को ये फिल्म काफी पसंद आ सकती है।

 

 

 

 

फिल्म ‘वेदा’ एक  हाई-ऑक्टेन एक्शन-ड्रामा फिल्म है। फिल्म की कहानी एक सत्य घटना से प्रेरित बताई जा रही है।  ‘सलाम-ए-इश्क’ और ‘बाटला हाउस’ के बाद अभिनेता जॉन अब्राहम ने इस फिल्म में निखिल आडवाणी के निर्देशन में काम किया है। इस फिल्म में जॉन अब्राहम के अपोजिट शरवरी वाघ लीड भूमिका में हैं तो वहीं अभिनेता  अभिषेक बनर्जी भी फिल्म में अहम भूमिका में हैं।

 

 

 

इस साल रोहित शेट्टी की काबिलियत का सबसे बड़ा इम्तिहान होने वाला है। उनकी बनाई पिछली फिल्म ‘सर्कस’ बुरी तरह फ्लॉप रही और उनकी बनाई पहली वेब सीरीज ‘इंडियन पुलिस फोर्स’ को भी दर्शकों ने ज्यादा पसंद नहीं किया है। अब उनकी अगली फिल्म ‘सिंघम अगेन’ रिलीज को तैयार हो रही है और एक बार फिर रोहित ने इसमें करीब एक दर्जन नामचीन सितारे जमा कर लिए हैं। अर्जुन कपूर फिल्म में विलेन की भूमिका में हैं। अजय देवगन फिल्म के लीड हीरो हैं, लेकिन इसमें अक्षय कुमार, रणवीर सिंह, करीना कपूर खान, दीपिका पादुकोण और टाइगर श्रॉफ भी खास किरदारों में नजर आएंगे।

 

 

 

फिल्म ‘देवा’  एक्शन थ्रिलर है जिसमें एक विद्रोही पुलिस की मनोरंजक कहानी को उजागर किया गया है। इस फिल्म में अभिनेता शाहिद कपूर और पावेल गुलाटी पुलिस अधिकारी की भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन मलयालम फिल्मों के चर्चित निर्देशक  रोशन एंड्रयूज ने किया है।

 

 

 

अभिनेता जॉन अब्राहम की फिल्म ‘तेहरान’ पिछले साल 25 जनवरी को रिलीज होने वाली थी, लेकिन फिल्म के अब इस साल रिलीज होने की बात चल रही है। अरुण गोपालन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में जॉन अब्राहम के साथ मानुषी छिल्लर की मुख्य भूमिका हैं। यह फिल्म रूसी-यूक्रेनी संघर्ष की एक सत्य घटना पर आधारित बताई जा रही हैं। बताते हैं कि फिल्म का एक बड़ा हिस्सा ईरान में शूट किया गया है।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.