भट्ठी की तरह धधके कमरे, बाहर बरसी आग

-सप्ताह भर की राहत के बाद फिर तपिश ने झुलसाया
-42 पर पहुंचा पारा, घर के भीतर भी नहीं मिला आराम
फतेहपुर । सप्ताह भर की राहत के बाद शुक्रवार को अचानक फिर मौसम का मिजाज बदल गया। दिनभर पछुवा हवा चली। जिससे तापमान उछलकर 43 डिग्री पर पहुंच गया। सूरज की तपिश के साथ लू दिनभर झुलसाती रही। घरों में हालत ये थी कि दूसरी मंजिल स्थित कमरे भट्ठी की तरह धधकते रहे। बाहर तो मानों आग बरस रही थी। पुरवा हवा चलने और आसमान में बादल जमे होने के कारण लोगों को सप्ताह भर तक लू और तपिश से राहत थी। मौसम सामान्य बना हुआ था। शुक्रवार को सुबह से मौसम के रुख में परिवर्तन आ गया। सुबह नौ बजे तक धूप काफी तेज हो गई। दस बजे ही लू चलने लगी। सूरज की तपिश के कारण लोगों का बुरा हाल था। 12 बजे तक लू और तपिश के कारण लोगों का बुरा हाल था। बाहर निकलने पर पछुआ हवा शरीर को झुलसाने पर आमादा थी। लोगों को घर के भीतर भी आराम नहीं मिल पा रहा था। चटख धूप व गर्म हवा चलने से धरती तपने लगी है। रात के भी पारे में इजाफा हुआ है। न्यूनतम तापमान भी 27 डिग्री पर पहुंच गया है। दोपहर में शहर के अधिकांश इलाकों में गर्मी के चलते सन्नाटा पसरा रहा। लोग घरों के भीतर एसी और कूलर के भरोसे गर्मी से पार पाने का प्रयास करते रहे। घरों में लगे पंखे गर्म हवा फेंक रहे थे। दूसरे तल पर बने कमरों में गर्मी के कारण रहना मुश्किल हो गया था। कमरे भटठी की तरह तप रहे थे। दोपहर के वक्त शहर के चैक, पटेल नगर, पत्थरकटा, आबूनगर, जीटी रोड आदि इलाकों में गिने-चुने लोग ही नजर आ रहे थे।
सूरज ढलने के बाद भी नहीं मिली राहत
दुकानों के भीतर दुकानदार गर्मी से परेशान नजर आए। तपिश इस कदर रही कि लोगों को शाम छह बजे तक गर्मी महसूस होती रही। मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक तेज गर्मी और लू चलने की संभावना जताई है। कृषि विज्ञान केंद्र थरियांव के मौसम विज्ञानी ने बताया कि अब पारा लगातार ऊपर चढ़ेगा। जिससे गर्मी बढ़ेगी। एक महीने तक मौसम में नरमी के आसार नहीं हैं। लोगों कड़ी धूप व लू से जूझना होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.