बॉलीवुड में स्टारकिड होने का फायदा हमेशा मिलता है – उर्वशी रौतेला

देहरादून। बीते दिनों हेट स्टोरी-4 से खासी सुर्खियों में रहीं फिल्म अभिनेत्री उर्वशी रौतेला का मानना है कि बॉलीवुड में पांव जमाने के लिए गॉडफादर होना जरूरी है। वहीं बॉलीवुड में भाई-भतीजावाद को लेकर दिए गए कंगना रनौत के बयान से भी उर्वशी इत्तेफाक रखती हैं। उनका मानना है कि बॉलीवुड में स्टारकिड होने का फायदा हमेशा मिलता है। कई बार उनके हाथ से अच्छे रोल इसलिए फिसल गए, क्योंकि उनका कोई गॉडफादर नहीं है। लेकिन, हमें मेहनत नहीं छोड़नी चाहिए, क्योंकि मेहनत के बूते ही सफलता पाई जा सकती है। परिवार के साथ बदरीनाथ और केदारनाथ के दर्शन के बाद दून पहुंचीं उर्वशी रौतेला ने राजपुर रोड स्थित एक होटल में पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान वो अपनी बीते दिनों रिलीज फिल्म हेट स्टोरी-4 की सफलता से काफी उत्साहित नजर आई। उर्वशी ने बताया कि वर्तमान में वह चार प्रोजेक्ट पर काम कर रही हैं, जल्द ही वह उन्हें साझा करेंगी। बताया कि तीनों खान अभिनेताओं के साथ काम करना उनका सपना है। बदरी-केदार के भ्रमण को लेकर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के मंदिरों का स्थापत्य आकर्षक है, जो लोगों को यहां आने के लिए मजबूर कर देता है। आपदा के बाद जो स्थिति हो गई थी, उसमें काफी सुधार किया गया है।
उर्वशी ने बताया कि उन्हें देवभूमि के साथ-साथ यहां के पहाड़ों, खानपान, लोकगीत और संस्कृति से बेहद लगाव है। कहा कि पहाड़ी अरसे के स्वाद के आगे तो मिठाइयां फेल हैं। वह यहां की शादियों और पहाड़ी गीतों की धुनों को बहुत याद करती हैं। चाहे काम करने को लेकर मुंबई में रहना हो, मगर दिल आज भी इन्हीं पहाड़ों पर बसता है। उर्वशी सुपर वूमेन और स्टंट वूमेन के किरदार निभाना चाहती हैं। इसके साथ ही उनकी खेलों में भी काफी रुचि रही है। मौका मिलने पर वह खेलों से जुड़ी फिल्मों में भी अपना हुनर आजमाना चाहती हैं। वर्ष 2018 के टीसी कैंडलर की व‌र्ल्ड मोस्ट ब्यूटीफुल वूमेन की टॉप 100 सूची में उर्वशी 27वीं रैंक पर हैं। वहीं टाइम्स की मोस्ट डिजायरेबल वूमेंस ऑफ इंडिया की टॉप 50 की सूची में वह चार साल से बनी हुई हैं। उन्हें हाल ही में अंडमान निकोबार में यंगेस्ट ब्यूटीफुल वूमेन का खिताब भी मिल चुका है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.