बाराबंकी। टीबी मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के लिए युवाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में विकासखंड सिद्धौर की ग्राम पंचायत उस्मानपुर में विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान युवाओं और स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर ग्रामीणों को क्षय रोग (टीबी) के लक्षण, बचाव, जांच और उपचार के बारे में जानकारी दी। साथ ही बीमारी को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास किया।
अभियान का आयोजन मेरा युवा भारत बाराबंकी एवं जोश टीम के संयुक्त प्रयास से जिला युवा अधिकारी रश्मि शबनम गुप्ता के दिशा-निर्देशन में किया गया। राष्ट्रीय युवा स्वयंसेविका डॉली वर्मा और जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने गांव के विभिन्न मोहल्लों में पहुंचकर लोगों से संवाद किया और उन्हें टीबी से बचाव के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि टीबी एक संक्रामक बीमारी है, लेकिन समय पर पहचान और नियमित रूप से पूरा इलाज कराने पर इससे स्वस्थ हुआ जा सकता है। लगातार दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक खांसी रहना, बुखार आना, रात में पसीना आना, वजन कम होना और भूख न लगना इसके प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराने की सलाह दी गई।
स्वयंसेवकों ने लोगों को समझाया कि टीबी का इलाज बीच में छोड़ना खतरनाक हो सकता है। इसलिए चिकित्सक की सलाह के अनुसार निर्धारित अवधि तक दवाओं का नियमित सेवन करना जरूरी है।
इस मौके पर पूर्व राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक एवं समाजसेवी सत्येंद्र कुमार एसडी वर्मा ने ग्रामीणों से अपील की कि टीबी से पीड़ित लोगों के साथ किसी प्रकार का भेदभाव न करें। बीमारी से लड़ने के लिए मरीज को समय पर उपचार के साथ परिवार और समाज का सहयोग भी मिलना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपने आसपास के क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने और लक्षण दिखाई देने पर लोगों को जांच के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाना, बीमारी से जुड़ी गलत धारणाओं को समाप्त करना और लोगों को समय पर जांच एवं उपचार के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के अंत में स्वयंसेवकों ने ‘टीबी हारेगा, देश जीतेगा’ का संदेश देते हुए ग्रामीणों से टीबी मुक्त भारत के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।
News Wani
