Breaking News

“नरवणे की किताब पर संसद में हंगामा: राहुल गांधी के विरोध के बीच लोकसभा दोपहर 12 बजे तक स्थगित”

बजट सत्र के दौरान संसद में पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज नरवणे की किताब को लेकर एक बार फिर जबरदस्त राजनीतिक घमासान देखने को मिला. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नरवणे के एक पुराने ट्वीट का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने खुद अपनी किताब के उपलब्ध होने की जानकारी साझा की थी, जबकि पेंगुइन पब्लिकेशन का दावा है कि किताब प्रकाशित नहीं हुई है. राहुल गांधी ने कहा कि या तो नरवणे का बयान गलत है या प्रकाशक की बात सही नहीं है, लेकिन दोनों बातें एक साथ सही नहीं हो सकतीं. इसी मुद्दे पर चर्चा की मांग को लेकर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के सांसदों ने जोरदार हंगामा किया. इसके चलते सदन की कार्यवाही आज भी बाधित हो गई और लोकसभा को दोपहर 12 बजे तक स्थगित करना पड़ा.
संसद में जारी गतिरोध के बीच विपक्षी दलों की रणनीति को लेकर भी हलचल तेज हो गई है. कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, अगर राहुल गांधी को सदन में बोलने का मौका नहीं दिया जाता है तो स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया जा सकता है. हालांकि तृणमूल कांग्रेस ने संकेत दिए हैं कि वह इस प्रस्ताव पर फिलहाल कांग्रेस का साथ नहीं देगी. इस बीच संसद परिसर में राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यालय में INDIA गठबंधन के फ्लोर नेताओं की बैठक हुई, जिसमें राहुल गांधी भी शामिल हुए. बैठक में सरकार को घेरने और बजट सत्र के दौरान विपक्ष की संयुक्त रणनीति पर चर्चा की गई.
पढ़ें संसद सत्र का लाइव अपडेट: 
  • Parliament Budget Session Live: कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, कुछ नेताओं का मानना है कि यदि स्पीकर पक्षपात करते दिखते हैं तो आज ही उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया जाना चाहिए. वहीं टीएमसी ने कांग्रेस की ओर से स्पीकर के खिलाफ लाए जाने वाले अविश्वास प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करने से इनकार किया है. सूत्रों का कहना है कि अगर स्पीकर राहुल गांधी को बोलने की अनुमति नहीं देते हैं तो विपक्ष अविश्वास प्रस्ताव आगे बढ़ाएगा, लेकिन यदि उन्हें बोलने दिया जाता है तो फिलहाल इस कदम को रोका जा सकता है.
  • Parliament Budget Session Live: कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने संसद में हो रहे हंगामे को लेकर आरोप लगाया कि मोदी सरकार शुरू से ही संसद चलाने में विश्वास नहीं रखती और विपक्ष को बोलने का मौका नहीं दिया जा रहा. उन्होंने कहा कि सरकार और स्पीकर का रवैया ऐसा है जिससे संसद नहीं चल पा रही है. बीजेपी महिला सांसदों पर कार्रवाई के सवाल पर उन्होंने कहा कि पहले भी विपक्षी सांसदों के खिलाफ कार्रवाई होती रही है और आरोप लगाया कि बीजेपी शुरू से ऐसा करती आई है, मानो विपक्ष को बाहर कर संसद चलाना चाहती हो. वहीं भारत-पाकिस्तान मैच पर उन्होंने कहा कि अगर राजनीति और खेल को अलग रखा जाए तो ठीक है, लेकिन बीजेपी के कुछ लोग मैच के खिलाफ हंगामा करते हैं और बाद में क्रिकेट बोर्ड मैच कराने का फैसला करता है, जो दोहरी नीति को दर्शाता है.
  • Parliament Budget Session Live: संसद भवन परिसर में आज राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यालय में INDIA गठबंधन के फ्लोर लीडर्स की बैठक हुई. इस बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी मौजूद रहे, जहां संसद की रणनीति और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई.

About NW-Editor

Check Also

संसद में बढ़ी तल्खी: स्पीकर को घेरने की तैयारी में विपक्ष, जानिए पूरा मामला

संसद का बजट सत्र 2026 इस समय जबरदस्त राजनीतिक घमासान का केंद्र बना हुआ है। …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *