Breaking News

बांग्लादेश की मौजूदा सरकार पर शेख हसीना का हमला, बोलीं- देश में स्वतंत्रता सेनानियों तक पर हो रहे अत्याचार

ढाका। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने देश की मौजूदा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए राजनीतिक हिंसा, मानवाधिकारों के उल्लंघन और स्वतंत्रता सेनानियों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश को मिली आजादी देश की सबसे बड़ी उपलब्धि है। यदि देश स्वतंत्र नहीं हुआ होता तो आज भी यहां के लोग पाकिस्तानी शासन के अधीन होते।

शेख हसीना ने ये बातें अवामी लीग के एक ऑनलाइन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने मौजूदा प्रधानमंत्री तारिक रहमान की सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि देश में राजनीतिक विरोधियों और हिरासत में रखे गए लोगों के साथ अत्याचार किया जा रहा है।

स्वतंत्रता सेनानी की हत्या का मामला उठाया

शेख हसीना ने मयमनसिंह जिले में 1971 के स्वतंत्रता सेनानी शेख हुसैन अली की हत्या का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि उनकी हत्या के बाद शव को पेड़ पर लटका दिया गया था। हसीना ने इस घटना को बांग्लादेश के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले लोगों के प्रति अपमान बताया।

उन्होंने राजनीतिक हिंसा में मारे गए अवामी लीग के कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों के साथ हुई घटनाओं का भी उल्लेख किया।

हिरासत में बंद लोगों को इलाज नहीं मिलने का आरोप

पूर्व प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में हिरासत में रखे गए लोगों को उचित चिकित्सा सुविधा और जरूरी दवाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि जेल में कई लोगों की मौत हुई, लेकिन उनके परिजनों को समय पर इसकी जानकारी तक नहीं दी गई।

हसीना के इन बयानों के बाद बांग्लादेश की राजनीति में एक बार फिर सियासी तनाव बढ़ने की चर्चा तेज हो गई है। अवामी लीग और BNP के समर्थकों के बीच पहले भी कई जगहों पर टकराव की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

पिता शेख मुजीबुर रहमान को किया याद

कार्यक्रम के दौरान शेख हसीना ने अपने पिता और बांग्लादेश के संस्थापक नेता शेख मुजीबुर रहमान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने देश की आजादी के लिए लंबा संघर्ष किया था।

हसीना का मानना है कि यदि उनके पिता की हत्या नहीं हुई होती तो बांग्लादेश विकास के क्षेत्र में काफी आगे पहुंच सकता था। शेख मुजीबुर रहमान ने 1971 के मुक्ति संग्राम का नेतृत्व किया था और आजादी के बाद देश के पहले प्रधानमंत्री बने थे। वर्ष 1975 में सैन्य तख्तापलट के दौरान उनकी और परिवार के कई सदस्यों की हत्या कर दी गई थी।

16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई

शेख हसीना ने अपने देश वापसी को लेकर भी बड़ा बयान दिया है। उन्होंने 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है। इसके लिए उन्होंने तारिक रहमान सरकार से विमान भेजने की मांग की है।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हसीना सरकारी विमानन कंपनी बिमान बांग्लादेश की उड़ान से दिल्ली से ढाका पहुंचना चाहती हैं। गौरतलब है कि 16 दिसंबर को बांग्लादेश में विजय दिवस मनाया जाता है। इसी दिन 1971 में पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सेना और मुक्ति वाहिनी के सामने आत्मसमर्पण किया था।

अगस्त 2024 में छोड़ना पड़ा था देश

बांग्लादेश में जून 2024 में सरकारी नौकरियों में आरक्षण के विरोध में छात्र आंदोलन शुरू हुआ था। जुलाई में आंदोलन ने व्यापक रूप ले लिया और प्रदर्शनकारियों तथा सुरक्षा बलों के बीच हिंसक झड़पें हुईं।

प्रदर्शनकारियों ने शेख हसीना के इस्तीफे की मांग तेज कर दी। 5 अगस्त 2024 को हजारों प्रदर्शनकारी ढाका में उनके सरकारी आवास तक पहुंच गए। इसके बाद शेख हसीना देश छोड़कर भारत आ गई थीं। तब से वह भारत में रह रही हैं।

संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, 2024 के आंदोलन के दौरान हुई हिंसा में करीब 1,400 लोगों की मौत हुई थी। बांग्लादेश में मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के बीच हसीना की वापसी की घोषणा को महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

About NW-Editor

Check Also

पेरू में भारतीय युवक पर जानलेवा हमला, SUV पर 30 से ज्यादा राउंड फायरिंग; सोने के जेवर और नकदी लूटकर फरार हुए बदमाश

लीमा। दक्षिण अमेरिकी देश पेरू में एक भारतीय युवक पर हथियारबंद बदमाशों ने हमला कर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *