बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती के प्रेस कॉन्फ्रेंस में गुरुवार को अफरा-तफरी मच गई। यह अफरा-तफरी शॉर्ट सर्किट होने की वजह से धुआं उठने पर हुई। मायावती लखनऊ में प्रेसवार्ता को संबोधित कर ही रही थीं कि वहां धुआं उठने लगा। धुआं उठता देख वहां मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को तुरंत संभाला और पूर्व सीएम को सुरक्षित वहां से बाहर निकालकर ले गए। मौके पर तुरंत अग्नि सुरक्षा उपकरण का तत्काल उपयोग किया गया। मायावती अपने जन्मदिन के मौके पर पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रही थीं।
पीसी को संबोधित करते हुए बसपा सुप्रीमो ने कहा, ‘मेरे संघर्षपूर्ण जीवन के हर स्तर पर किए गए प्रयासों और बीते एक वर्ष में विपक्ष द्वारा खड़ी की गई बाधाओं को वार्षिक पुस्तक ‘मेरे संघर्षमय जीवन एवं बसपा मूवमेंट का सफरनामा’ में संकलित किया गया है। यह पुस्तक युवाओं और पार्टी के भावी नेताओं के लिए मार्गदर्शक शक्ति बनेगी। कांग्रेस, भाजपा और अन्य दल पार्टी को कमजोर करने का प्रयास करते रहते हैं, जिसका हमें मुंहतोड़ जवाब देना है और पार्टी को फिर से सत्ता में लाना है।’
15 जनवरी को होता है मायावती का जन्मदिन
उन्होंने कहा, ‘आज मेरा 70वां जन्मदिन है और इस अवसर पर मैं सभी को नववर्ष 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। इस अवसर पर वरिष्ठ पार्टी सदस्य विशेष रूप से उत्तर प्रदेश में मेरे नेतृत्व में बसपा सरकार के चार कार्यकालों के दौरान आम जनता के कल्याण के लिए चलाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा करते हैं। ये योजनाएं कांग्रेस, भाजपा और अन्य विपक्षी दलों की सरकारों की तरह केवल सरकारी फाइलों तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर भी पूरी तरह लागू की गईं। इसके परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश के समाज के सभी वर्गों, विशेषकर गरीबों, मजदूरों, बेरोजगारों और किसानों की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।’
‘दलित, OBC समुदायों के संतों को सम्मान दिया’
मायावती ने आगे कहा कि ‘हमारी पार्टी की सरकार ने देश के दलित एवं अन्य पिछड़ा वर्ग समुदायों में जन्मे महान संतों, गुरुओं और प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों—विशेष रूप से महात्मा ज्योतिराव फुले, छत्रपति शाहूजी महाराज—को विभिन्न स्तरों पर पूरा सम्मान और गौरव प्रदान किया। उनके नाम पर कई नए जिलों के नाम रखे गए और जनहित में अनेक योजनाएं शुरू की गईं, जिनकी नकल अब विपक्षी सरकारें अपने राजनीतिक लाभ के लिए कर रही हैं। इन समुदायों के प्रति उनकी सोच और नीयत हमेशा से ही पाखंडी रही है और इस मामले में आज भी कोई बदलाव नहीं आया है।’
सीएम योगी, अखिलेश ने दी जन्मदिन की बधाई
बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती के जन्मदिन पर आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी प्रमुख तथा पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री मायावती जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। प्रभु श्री राम से आपके लिए दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना है।’ समाजवादी पार्टी प्रमुख यादव ने लिखा, ‘आदरणीय सुश्री मायावती जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। उनको स्वस्थ, स्वतंत्र जीवन और सार्थक सक्रियता के लिए अनंत शुभकामनाएं।’
News Wani
