नई दिल्ली। संसद में परिसीमन बिल को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। केंद्र सरकार को इस विधेयक पर कई क्षेत्रीय दलों का समर्थन मिलने से इसके पारित होने की उम्मीद मजबूत हुई है। तमिलनाडु की सत्तारूढ़ पार्टी DMK ने भी परिसीमन बिल का समर्थन करने का ऐलान किया है। इससे पहले शरद पवार की NCP (SP), आंध्र प्रदेश की YSRCP और BRS भी विधेयक के समर्थन में अपना रुख स्पष्ट कर चुके हैं।
शनिवार को DMK के सांसद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर पहुंचे। इस मुलाकात को परिसीमन बिल पर समर्थन जुटाने की राजनीतिक कोशिशों से जोड़कर देखा जा रहा है। DMK के समर्थन से केंद्र सरकार को लोकसभा में अतिरिक्त संख्या बल मिलने की संभावना बढ़ गई है।
DMK ने रखी तमिलनाडु की सीटें बढ़ाने की मांग
DMK की बैठक के बाद पार्टी सांसद ए. राजा ने कहा कि तमिलनाडु में लोकसभा सीटों की संख्या 39 से बढ़ाकर 59 की जानी चाहिए। पार्टी का कहना है कि सीटों में बढ़ोतरी के बावजूद संसद में राज्य की हिस्सेदारी लगभग 7.2 प्रतिशत बनी रहनी चाहिए।
लोकसभा में DMK के 22, NCP (SP) के 8 और YSRCP के 4 सांसद हैं। इन तीनों दलों के समर्थन से सरकार को 34 अतिरिक्त सांसदों का साथ मिलने का दावा किया जा रहा है। इससे NDA की प्रभावी संख्या 320 से बढ़कर 354 तक पहुंच सकती है।
बिल पारित कराने के लिए अभी छह सांसदों की जरूरत
परिसीमन बिल को लोकसभा में पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 540 सांसदों के सदन में विधेयक के पक्ष में 360 वोट जरूरी होंगे। ऐसे में सरकार को बहुमत के निर्धारित आंकड़े तक पहुंचने के लिए अभी छह और सांसदों के समर्थन की जरूरत है।
सुप्रिया सुले की सीटिंग व्यवस्था में बदलाव
इस राजनीतिक घटनाक्रम के बीच लोकसभा में सांसदों की बैठने की व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, 97 सांसदों की सीटिंग बदली गई है। NCP (SP) की सांसद सुप्रिया सुले को भी विपक्षी INDIA गठबंधन की सीटिंग व्यवस्था से अलग स्थान दिया गया है। अब वह DMK सांसद कनिमोझी और दयानिधि मारन के साथ बैठेंगी।
महिला आरक्षण को लेकर प्रधानमंत्री का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपना पुराना वीडियो साझा किया। इसमें उन्होंने महिला आरक्षण को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। प्रधानमंत्री ने कहा कि महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में अधिक प्रतिनिधित्व दिलाने की राह में आने वाली बाधाओं को दूर किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर सरकार अपने वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
INDIA गठबंधन ने भी की बैठक
परिसीमन बिल को लेकर विपक्षी INDIA गठबंधन के नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर बैठक की। इसमें राहुल गांधी समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक में DMK, NCP (SP), बीजू जनता दल और आम आदमी पार्टी को भी आमंत्रित किया गया था।
वहीं, NCP (SP) के समर्थन को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में भी चर्चाएं तेज हैं। पार्टी की ओर से सुप्रिया सुले को केंद्र में मंत्री बनाए जाने और महाराष्ट्र सरकार में हिस्सेदारी की मांग से जुड़ी खबरें सामने आई हैं। हालांकि, इस संबंध में किसी अंतिम समझौते की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल परिसीमन बिल को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। आने वाले दिनों में क्षेत्रीय दलों का रुख और संसद में समर्थन का गणित इस विधेयक का भविष्य तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
News Wani
