फतेहपुर। नगर पालिका परिषद में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि और शासनादेश के अनुरूप पारिश्रमिक भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में वार्ड नंबर 33 सिविल लाइन के सभासद विनय कुमार तिवारी ने नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष को मांग पत्र सौंपकर आउटसोर्स कर्मचारियों को शासन द्वारा निर्धारित पारिश्रमिक का लाभ दिलाए जाने की मांग की है।
सभासद ने अपने मांग पत्र में उल्लेख किया है कि उत्तर प्रदेश शासन के सचिवालय प्रशासन अनुभाग-13 द्वारा 2 नवंबर 2026 को जारी शासनादेश तथा उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के प्रबंध निदेशक द्वारा 16 नवंबर को जारी पत्र के माध्यम से आउटसोर्स कर्मचारियों को न्यूनतम पारिश्रमिक का भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों को भी शासन के इन आदेशों के अनुरूप बढ़े हुए वेतन का लाभ मिलना चाहिए। इसके लिए नगर पालिका अध्यक्ष से मांग की गई है कि सभी आउटसोर्स कर्मचारियों का पारिश्रमिक शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार तय करते हुए वेतन वृद्धि का लाभ दिया जाए।
सभासद का कहना है कि कर्मचारियों को निर्धारित पारिश्रमिक मिलने से उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी और उनके कार्य के प्रति सम्मान भी बढ़ेगा। उन्होंने मांग पत्र के साथ संबंधित शासनादेश और आउटसोर्स सेवा निगम के पत्र की छायाप्रति भी संलग्न की है।
अंत में उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से जल्द आवश्यक कार्रवाई करते हुए आउटसोर्स कर्मचारियों को बढ़े हुए पारिश्रमिक का लाभ उपलब्ध कराने की अपेक्षा जताई है।
News Wani
