Breaking News

बिंदकी में भाजपा टिकट की दावेदारी तेज, अजमेर सिंह सीनू ने जनसंपर्क से बढ़ाई सक्रियता

फतेहपुर। विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही जिले की राजनीति में चुनावी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। एक ओर प्रशासनिक स्तर पर चुनावी तैयारियों को गति दी जा रही है, वहीं दूसरी ओर विभिन्न राजनीतिक दलों के संभावित प्रत्याशियों ने भी अपनी दावेदारी को लेकर सक्रियता बढ़ा दी है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में टिकट के दावेदारों की लंबी कतार के बीच 339-बिंदकी विधानसभा सीट पर भी सियासी मुकाबले की तस्वीर बनने लगी है। इस सीट पर अजमेर सिंह उर्फ सीनू का नाम तेजी से चर्चा में आ रहा है।

वर्षों से संगठन के प्रति निष्ठा, क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क और सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भागीदारी के दम पर अजमेर सिंह सीनू अपनी दावेदारी को मजबूत करने में जुटे हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने बिंदकी सीट अपने सहयोगी दल अपना दल (एस) के खाते में दी थी। यहां से जय कुमार सिंह जैकी ने जीत दर्ज कर विधानसभा में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था। हालांकि, आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर इस बार भाजपा के भीतर भी इस सीट पर अपना प्रत्याशी उतारने की चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं। ऐसे में पार्टी के कई नेता अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ाकर टिकट की दौड़ में शामिल हो चुके हैं।

अजमेर सिंह सीनू भी लगातार विधानसभा क्षेत्र के गांवों और कस्बों में पहुंचकर लोगों से संवाद स्थापित कर रहे हैं। सोशल मीडिया से लेकर बैनर, पोस्टर और होर्डिंग तक उनकी सक्रियता और चुनावी दावेदारी साफ दिखाई दे रही है। उनकी दावेदारी का सबसे मजबूत पक्ष उनका स्थानीय निवासी होना और लंबे समय से क्षेत्र की जनता के बीच सक्रिय रहना माना जा रहा है।

अजमेर सिंह सीनू बिंदकी विधानसभा क्षेत्र के निवासी हैं और कई वर्षों से भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता के रूप में संगठन के लिए काम करते आ रहे हैं। क्षेत्र में स्थानीय नेतृत्व को प्राथमिकता देने की मांग भी समय-समय पर उठती रही है। इसी क्रम में ‘बिंदकी का बेटा, बिंदकी का विधायक’ जैसे भावनात्मक संदेश के साथ उनकी दावेदारी को स्थानीय स्तर पर चर्चा मिल रही है।

समर्थकों का मानना है कि क्षेत्र की भौगोलिक, सामाजिक और जनसमस्याओं से अच्छी तरह परिचित स्थानीय प्रत्याशी जनता की अपेक्षाओं को बेहतर ढंग से समझ सकता है। राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र में भी अजमेर सिंह सीनू की सक्रियता देखने को मिलती रही है। जरूरतमंदों की मदद, सामाजिक आयोजनों में भागीदारी और आम लोगों के बीच उपलब्ध रहने के उनके प्रयासों ने क्षेत्र में उनकी पहचान को विस्तार दिया है।

हिंदुत्व से जुड़े मुद्दों और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के चलते भी वह अपनी अलग पहचान रखते हैं। क्षत्रिय समाज से आने के कारण सामाजिक समीकरणों के लिहाज से भी उनकी दावेदारी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनका प्रयास है कि चुनाव की घोषणा से पहले ही क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच बनाकर अपनी बात और प्राथमिकताएं जनता के सामने रखी जाएं।

हालांकि, बिंदकी विधानसभा सीट से भाजपा के कई अन्य दावेदार भी अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक ताकत के दम पर टिकट की दौड़ में शामिल हैं। जिला स्तर से लेकर प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व तक अपनी बात पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे में प्रत्याशी चयन के दौरान पार्टी नेतृत्व के सामने संगठन के प्रति निष्ठा, जनाधार, स्थानीय स्वीकार्यता, सामाजिक समीकरण और चुनावी संभावनाओं जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार करने की चुनौती होगी।

फिलहाल बिंदकी विधानसभा क्षेत्र में अजमेर सिंह सीनू की बढ़ती सक्रियता ने चुनावी चर्चाओं को नई दिशा दे दी है। वर्षों की संगठनात्मक निष्ठा और क्षेत्र में निरंतर जनसंपर्क के सहारे वह अपनी दावेदारी को प्रभावी बनाने में जुटे हैं। अब राजनीतिक गलियारों की निगाहें भाजपा के संभावित प्रत्याशी चयन पर टिकी हैं। देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी नेतृत्व इस बार बिंदकी विधानसभा सीट से किस चेहरे पर भरोसा जताता है और क्या स्थानीय नेतृत्व की पैरवी कर रहे अजमेर सिंह सीनू की मेहनत उन्हें पार्टी का टिकट दिलाने में सफल होती है।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में बसपा ने तेज की चुनावी तैयारी, मायावती को CM बनाने के संकल्प के साथ कार्यकर्ताओं ने भरी हुंकार

फतेहपुर। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *