लखनऊ। रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि राजनीति में किसी भी फैसले का आधार राजनीतिक लाभ नहीं, बल्कि समाज का व्यापक हित होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव में जीत या हार की चिंता किए बिना वही निर्णय लिए जाने चाहिए, जो समाज और देश के भविष्य के लिए उचित हों। उनका कहना था कि अगला चुनाव जीतने से अधिक जरूरी है कि आने वाली पीढ़ी का भविष्य बेहतर बनाया जाए।
राजनाथ सिंह लखनऊ के सुल्तानपुर रोड स्थित ब्रह्माकुमारीज के राजयोग प्रशिक्षण केंद्र गुलजार उपवन पहुंचे। यहां उन्होंने नवनिर्मित दिव्य संस्कृति भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी हुआ। एयरपोर्ट पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने उनका स्वागत किया।
राजनीति का उद्देश्य समाज को सही दिशा देना
रक्षामंत्री ने कहा कि राजनीति शब्द राज और नीति से मिलकर बना है। नीति का उद्देश्य समाज को सही दिशा देना और जनकल्याण के लिए काम करना है। आज राजनीति को उसके मूल उद्देश्य से जोड़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि किसी भी फैसले में केवल चुनावी नफा-नुकसान नहीं देखना चाहिए, बल्कि यह विचार करना चाहिए कि उससे समाज को कितना लाभ मिलेगा।
उन्होंने भगवान राम और श्रीकृष्ण के उदाहरण देते हुए राजधर्म, कर्तव्य और जनहित का महत्व समझाया। उनके अनुसार, एक अच्छे शासक के लिए जनता का हित निजी स्वार्थ से हमेशा ऊपर होना चाहिए।
युवाओं को सफलता के साथ चरित्र निर्माण पर ध्यान देने की सलाह
राजनाथ सिंह ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि करियर व्यक्ति को पहचान दिलाता है, जबकि चरित्र उसे सम्मान दिलाता है। केवल सफल होना ही जीवन का उद्देश्य नहीं होना चाहिए, बल्कि यह भी जरूरी है कि व्यक्ति के प्रयासों से दूसरे लोगों के जीवन में कितना सकारात्मक बदलाव आया।
उन्होंने स्वामी विवेकानंद का उदाहरण देते हुए चरित्र निर्माण को जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक बताया। साथ ही युवाओं से समाज की समस्याओं को समझने और उनके समाधान में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की।
तकनीक का इस्तेमाल करें, उसके गुलाम न बनें
रक्षामंत्री ने कहा कि आज युवाओं के पास तकनीक और संचार के बेहतर साधन उपलब्ध हैं। हालांकि, सूचनाओं की अधिकता के बीच सही और गलत की पहचान करना भी बड़ी चुनौती बन गया है। उन्होंने युवाओं को तकनीक का सकारात्मक इस्तेमाल करने, लेकिन उसके अधीन न होने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि दुनिया के साथ आगे बढ़ें, लेकिन अपनी संस्कृति और जड़ों को न भूलें।
2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प
राजनाथ सिंह ने कहा कि विकसित भारत का अर्थ केवल बड़ी अर्थव्यवस्था या आर्थिक लक्ष्यों को हासिल करना नहीं है। एक विकसित राष्ट्र वही होगा, जहां नागरिकों में ईमानदारी, परिवारों में संस्कार, समाज में सद्भाव, महिलाओं के प्रति सम्मान और युवाओं में अनुशासन हो।
उन्होंने आध्यात्मिकता को जिम्मेदार जीवन का आधार बताते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में मदद कर सकते हैं, लेकिन समाज में विश्वास और सद्भाव अच्छे संस्कारों से ही विकसित होते हैं।
लखनऊ से अपना गहरा जुड़ाव बताया
रक्षामंत्री ने लखनऊ के प्रति अपने लगाव का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी डोर इस शहर से बंधी हुई है। वह कहीं भी रहें, उनका मन लखनऊ की ओर खिंचा चला आता है। उन्होंने बताया कि पिछले चार दिनों से वायरल संक्रमण के कारण उनकी तबीयत ठीक नहीं है और इसी वजह से आवाज में बदलाव आया है। इसके लिए उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से क्षमा भी मांगी।
दिव्य संस्कृति भवन में मिलेगा निशुल्क राजयोग प्रशिक्षण
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज की लखनऊ सब-जोन इंचार्ज बीके राधा दीदी ने बताया कि संस्था की स्थापना के 90 वर्ष और लखनऊ में आध्यात्मिक सेवाओं के 72 वर्ष पूरे होने के अवसर पर नवदशकोत्सव मनाया जा रहा है। नवनिर्मित दिव्य संस्कृति भवन में लोगों को निशुल्क राजयोग ध्यान का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यहां आध्यात्मिक और व्यक्तित्व विकास से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
कार्यक्रम में संस्था की अन्य पदाधिकारियों ने भी आध्यात्मिक जीवन, सकारात्मक सोच, आत्मनिर्भरता और भारतीय संस्कृति के महत्व पर विचार रखे।
News Wani
