बरेली जिले से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है. यहां आठ साल तक चले प्रेम संबंध का दर्दनाक अंत उस समय हो गया जब युवक ने दहेज की मांग पूरी न होने पर निकाह से इनकार कर दिया. इससे आहत युवती ने प्रेमी के घर पहुंचकर जहरीला पदार्थ खा लिया. परिजनों और आसपास के लोगों ने तुरंत उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस ने युवती के बयान दर्ज कर लिए हैं और आरोपी प्रेमी कासिम व उसके माता-पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. वहीं प्रेमी और उसके परिजन फरार हैं.
मामला बारादरी थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले का है. 22 साल की युवती के पिता का आरोप है- मेरी बेटी की यहीं पास में रहने वाले कासिम से करीब आठ साल से दोस्ती थी. दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे. चार साल पहले जब मोहल्ले में यह बात फैली, तो दोनों परिवारों ने समाज में चर्चा के बाद रिश्ते की बात पक्की कर ली थी. कुछ समय बाद दोनों परिवारों के बीच मतभेद हो गए और यह रिश्ता टूट गया. हालांकि, करीब तीन महीने पहले दोनों पक्षों में फिर से बातचीत शुरू हुई और निकाह की तारीख तय की जाने लगी. लेकिन तभी युवक कासिम और उसके परिवार ने दहेज में पैसे और स्पोर्ट्स बाइक की मांग रख दी. युवती के पिता का आरोप है कि उन्होंने आर्थिक तंगी के चलते यह मांग पूरी करने से इनकार कर दिया. इसी बात से नाराज़ होकर कासिम के घरवालों ने निकाह से मना कर दिया.
News Wani
