मध्य प्रदेश के भिंड जिले में एक बार फिर से दलित अत्याचार का मामला सामने आया है। दबंगों ने जंजीर से बांधकर उसके साथ मारपीट की है। साथ ही जबरन पेशाब पिलाया है। पीड़ित ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही मामले में जांच की जा रही है।
पीड़ित की पहचान ज्ञान सिंह जाटव के रूप में हुई है। वह अजुद्दीपुरा निवासी है। साथ ही ग्वालियर के डीडी नगर में रहकर बोलेरो ड्राइवर का काम करता है। तीनों आरोपी उसे जबरन बोलेरो चलाने के लिए कह रहे थे लेकिन उसने मना किया तो उसके साथ मारपीट की गई।
वहीं, पीड़ित ज्ञानसिंह के मुताबिक दीपावली के दिन तीनों आरोपी सोनू बरुआ, आलोक शर्मा और छोटयू उसके घर पहुंचे। साथ ही उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर भिंड ले गए। आरोप है कि आरोपी कई दिनों से उससे अपनी बोलेरो चलाने की जिद कर रहे थे लेकिन वह मना कर रहा था। रास्ते में सेमरपुरा मोड़ के पास गाड़ी रोककर तीनों ने पहले बेरहमी से उसकी पिटाई की और फिर जबरन पेशाब पिलाया। इसके बाद उसे भिंड ले जाकर सोनू बरुआ की कोठी में जंजीरों से बांधकर करीब चार घंटे तक पीटा गया। बताया गया कि गांव वालों को भनक लगने पर उसकी जान बच सकी।
उधर आरोपी पक्ष का कहना है कि यह कहानी झूठी है। ज्ञानसिंह के साथ किसी बात को लेकर आपसी विवाद हुआ, लेकिन मामला बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है। वहीं, पुलिस का कहना है कि FIR दर्ज कर ली गई है और मामले की गंभीरता को देखते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
News Wani
