महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों में आज वोट डाले जा रहे हैं। सुबह 7:30 बजे से मतदान शुरू हो गया है जो शाम 5:30 बजे तक चलेगा। शुक्रवार को इसका रिजल्ट आएगा। कई वोटर्स के पोलिंग बूथ बदलने से लोग परेशान हुए। महाराष्ट्र के मंत्री गणेश नाइक, शिवसेना(UBT) सांसद प्रियंका चुतर्वेदी के भी पोलिंग बूथ बदल गए। उन्होंने लोगों से पोलिंग बूथ चेक करके वोट करने आने की अपील की। कुछ जगहों पर EVM में खराबी की भी शिकायत सामने आई।
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना(MNS) चीफ राज ठाकरे ने वोट डालने के बाद कहा कि पहले जो इंक इस्तेमाल होती थी, उसे एक नए पेन से बदला जा रहा है। अगर आप हैंड सैनिटाइजर लगाते हैं, तो इंक गायब हो जाती है। यह दिखाता है कि सरकार सत्ता में बने रहने के लिए कुछ भी कर सकती है। वहीं, वोटिंग शुरू होते ही पोलिंग बूथ्स के बाहर लोगों की लाइन लग गई। RSS चीफ मोहन भागवत, बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, गीतकार गुलजार, सचिन तेंदुलकर ने वोट डाला। मोहन भागवत ने कहा कि NOTA का विकल्प अवांछित उम्मीदवार को बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा- NOTA का मतलब है कि आप सभी को अस्वीकार करते हैं, लेकिन किसी को वोट देना किसी को भी वोट न देने से बेहतर है।
सबसे अहम BMC चुनाव
इन चुनावों में सबसे अहम बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) है जहां 2017 के बाद 227 सीटों पर चुनाव हो रहा है। यहां बहुमत के लिए 114 का आंकड़ा जरूरी है। बीएमसी की 227 सीटों में से 32 सीटों पर BJP-शिवसेना गठबंधन और शिवसेना (UBT)-महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के बीच सीधा मुकाबला है।
BMC में सीटों का बंटवारा, बीजेपी-शिंदे साथ; कांग्रेस अलग लड़ रही
बीएमसी चुनाव में कुल 227 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। भाजपा- शिवसेना (शिंदे गुट) में गठबंधन हैं। बीजेपी 137 सीटों पर लड़ रही है वहीं शिंदे की शिवसेना ने 90 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। उधर शिवसेना यूबीटी ने मनसे के साथ अलांयस किया है। यूबीटी जहां 163 सीटों पर लड़ेगी वहीं MNS को 52 सीट मिली हैं। कांग्रेस ने वंचित बहुजन आघाडी (वीबीए) से गठबंधन किया है। कांग्रेस 143 सीटों पर लड़ रही है वहीं वीबीए को 46 सीट दी गईं हैं। एनसीपी ने किसी के साथ हाथ नहीं मिलाया। अजित गुट वाली ये पार्टी 94 सीटों पर लड़ेगी।
News Wani
