महादेव’ के बाद ‘किंगडम बुक’ पर शिकंजा: कवर्धा में सट्टा किंग गिरफ्तार, करोड़ों का खेल उजागर
NW-Editor
February 9, 2026
छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश
11 Views
छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन सट्टा ऐप ‘महादेव’ पर पुलिस की सख्ती के बाद अब उसके विकल्प तेजी से बाजार में सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में ‘किंगडम बुक डॉट कॉम’ नामक प्लेटफॉर्म के जरिए ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले सट्टा किंग राजा सरदार को कवर्धा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई लंबे समय से मिल रही अवैध ऑनलाइन सट्टे की शिकायतों के बाद की गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी राजा सरदार, रायपुर निवासी अनीश खान के इशारे पर जिले में ऑनलाइन सट्टे का बड़ा नेटवर्क संचालित कर रहा था। हालांकि इस नेटवर्क का मास्टरमाइंड अनीश खान और उसका सहयोगी स्वयम खुराना फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
70 से 80 आईडी, करोड़ों का लेन-देन
पुलिस सूत्रों के अनुसार, ‘किंगडम बुक डॉट कॉम’ प्लेटफॉर्म के जरिए 70 से 80 ऑनलाइन सट्टा आईडी बांटी जा चुकी थीं, जिनके माध्यम से करोड़ों रुपये का लेन-देन किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कई मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और ऑनलाइन सट्टे से जुड़े अहम इलेक्ट्रॉनिक सबूत जब्त किए हैं।
पहले भी जा चुका है जेल
बताया जा रहा है कि आरोपी राजा सरदार पहले गांजा तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। जब्त मोबाइल फोन और डिजिटल डेटा की फॉरेंसिक जांच की जा रही है, जिससे इस नेटवर्क से जुड़े कई बड़े नामों के उजागर होने की संभावना जताई जा रही है।
एसपी ने किया खुलासा
कवर्धा एसपी धर्मेंद्र सिंह छवई ने बताया कि ‘किंगडम बुक डॉट कॉम’ नामक सट्टा पैनल को सत्यवीर सिंह खुराना उर्फ राजा सरदार अवैध रूप से संचालित कर रहा था। आरोपी ने करीब 80 आईडी बांटी थीं, जिनसे अनुमानित तौर पर करोड़ों रुपए का सट्टा खेला जा रहा था। आरोपी को सोमवार को न्यायिक रिमांड पर भेजने के लिए कोर्ट में पेश किया जाएगा। एसपी ने बताया कि इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड रायपुर निवासी अनीश खानहै, जो सट्टेबाजों को सुपर आईडी उपलब्ध कराता था। मामले में रोहित जांगड़े की भी संलिप्तता पाई गई है। पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा गेमिंग एक्ट की धारा 7 के तहत एफआईआर दर्ज की है। एक एएसपी और डीएसपी के नेतृत्व में साइबर टीम आईडी के जरिए हुए लेन-देन की गहन जांच कर रही है।