आंध्र प्रदेश की राजनीति में तिरुपति लड्डू विवाद ने नया मोड़ ले लिया है. मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने दावा किया है कि तिरुपति मंदिर के प्रसाद में इस्तेमाल होने वाले घी में बाथरूम साफ करने वाले केमिकल का इस्तेमाल किया गया था. यह आरोप बेहद गंभीर माना जा रहा है. नायडू ने सार्वजनिक कार्यक्रम में कहा कि यह मामला श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा है. इस खुलासे के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है. विपक्ष ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. मामले ने धार्मिक भावनाओं के साथ-साथ सियासी बहस को भी तेज कर दिया है.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार इस विवाद की जड़ें पिछले सरकार से जोड़ी जा रही हैं. आरोप है कि 2019 से 2024 के बीच तिरुपति लड्डू के लिए इस्तेमाल होने वाले घी में मिलावट हुई.
मुख्यमंत्री नायडू ने कहा कि यह सिर्फ तिरुपति तक सीमित नहीं हो सकता. उन्होंने संकेत दिए कि अन्य मंदिरों में भी ऐसा हो सकता है. दूसरी ओर वाईएसआर कांग्रेस पार्टी और पूर्व मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने इन आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया है. उन्होंने कहा कि यह मामला राजनीतिक फायदा उठाने के लिए उछाला जा रहा है. CBI की चार्जशीट में दावा किया गया है कि तिरुपति लड्डू के घी में जानवर की चर्बी नहीं मिली, लेकिन इसमें प्लांट ऑयल और कुछ केमिकल मिलाए जाने के संकेत मिले हैं. रिपोर्ट के अनुसार जांच में सामने आया कि कुछ कंपनियों के जरिए लैक्टिक एसिड और LABSA जैसे पदार्थ की आपूर्ति की गई. LABSA को नॉन-फूड ग्रेड और खतरनाक इंडस्ट्रियल केमिकल बताया गया है, जो स्वास्थ्य के लिए गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है.
- इस मामले में तेलुगु देशम पार्टी (TDP) ने आरोप लगाया है कि 2022 से 2024 के बीच फर्जी बिल बनाकर केमिकल की आपूर्ति की गई. आरोप है कि कुछ कंपनियों ने अनौपचारिक माध्यमों जैसे व्हाट्सएप के जरिए ऑर्डर जारी किए. बताया गया कि हजारों किलो केमिकल डेयरी कंपनियों को सप्लाई किया गया था. इस खुलासे के बाद श्रद्धालुओं में नाराजगी और चिंता बढ़ गई है.
- वहीं वाईएसआर कांग्रेस पार्टी ने इन आरोपों को राजनीतिक षड्यंत्र बताया है. जगन मोहन रेड्डी ने कहा कि सीबीआई रिपोर्ट में कहीं भी पशु वसा मिलने की पुष्टि नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बनाई गई जांच समिति सिर्फ दिखावा है. रेड्डी ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल धार्मिक मुद्दों को राजनीति के लिए इस्तेमाल कर रहा है.
News Wani
