Breaking News

SIR के बाद वोटर लिस्ट में बड़ा झटका: 6.08 करोड़ नाम कटे, 12 राज्यों-UT में घटे मतदाता आंकड़े

पिछले काफी समय से देशभर में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का मुद्दा काफी ज्यादा चर्चा में है। चुनाव आयोग ने वोटर लिस्ट में सुधार के लिए यह प्रक्रिया शुरू की थी। विपक्ष इस प्रक्रिया का लगातार विरोध कर रहा है और चुनाव आयोग के साथ-साथ बीजेपी पर भी हमलावर है। तमाम विवादों के बीच यह प्रक्रिया शुक्रवार को पूरी हो चुकी है और प्रोसस पूरी होने के बाद 9 राज्यों और 3 केंद्र-शासित प्रदेशों की वोटर लिस्ट से लगभग 6.08 करोड़ मतदाताओं के नाम हट गए हैं। चुनावी राज्य बंगाल से भी करीब 91 लाख वोटरों के नाम हटाए गए हैं।

उत्तर प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण का दूसरा चरण पूरा हो गया है।  उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, राजस्थान, छत्तीसगढ़, केरल, पुडुचेरी, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, गुजरात, मध्यप्रदेश और गोवा की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई है।

6 करोड़ से ज्यादा नाम हटे

इन राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों की ओर से शेयर  किए गए आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल 27 अक्टूबर को जब एसआईआर की घोषणा की गई थी, तब इन 12 राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों की वोटर लिस्ट में लगभग 51 करोड़ मतदाताओं के नाम थे। इसके बाद एसआईआर प्रक्रिया में कई मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं।

अब ताजा आंकड़ों के अनुसार, एसआईआर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की वोटर लिस्ट में लगभग 44.92 करोड़ नाम दर्ज हैं। इसका सीधा मतलब है कि 6.08 करोड़ नाम हटाये जा चुके हैं। यह सभी नाम अलग-अलग राज्यों से हटाए गए हैं।

यूपी में 2 करोड़ से ज्यादा नाम हटे

उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि उत्तर प्रदेश में अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। उत्तर प्रदेश में एसआईआर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुल 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 वोटर हैं। 84,28,767 मतदाता बढ़े हैं। हालांकि, 2024 के मुकाबले 2.06 करोड़ वोटर के नाम कट गए हैं। अभियान से पहले प्रदेश में 15.44 करोड़ मतदाता थे जबकि अब 13.40 करोड़ मतदाता रह गए हैं। यानी कुल मतदाताओं की संख्या में  13.24 प्रतिशत की कमी आई है।

तीसरे फेज में कवर होंगे अन्य राज्य

एसआईआर प्रक्रिया के तहत अब तक कुल 10 राज्य और 3 केंद्र शासित प्रदेश कवर हो चुके हैं। पहले फेज में बिहार में एसआईआर प्रक्रिया करवाई गई और उसके बाद दूसरे फेज में उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, राजस्थान, छत्तीसगढ़, केरल, पुडुचेरी, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, गुजरात, मध्यप्रदेश और गोवा में एसआईआर प्रक्रिया करवाई गई।

अब तीसरे फेज के लिए कुल 17 राज्य और 5 केंद्र शासित प्रदेश बचे हैं। इन सभी जगहों पर मौजूदा समय में जारी विधानसभा चुनावों के बाद एसआईआर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बंगाल में चुनाव इसी महीने होने हैं और एसआईआर में बंगाल के करीब 90.83 लाख वोटरों के नाम हटा दिए गए हैं।

About NW-Editor

Check Also

पुडुचेरी CM बाइक से मतदान स्थल पहुंचे, हिमंता ने कामाख्या मंदिर में पूजा की; एंटनी बोले—‘केरल में बीजेपी को कोई पसंद नहीं करता’

पत्नी रिनिकी भुयान शर्मा के साथ पूजा करने के बाद सीएम हिमंता ने कहा- आज …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *