नीमच आए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को भाजपा कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए। उन पर कालिख फेंके। उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। जीतू पटवारी सोमवार को ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ यात्रा लेकर नीमच पहुंचे थे। दोपहर करीब एक बजे उनका काफिला 40 सर्किल से गुजरा। पटवारी गाड़ी के ऊपर बैठे थे। तभी भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। उन पर काले झंडे फेंके।
‘गली-गली में शोर है, राहुल गांधी चोर है’ के नारे लगाए: फेंकी गई स्याही पटवारी पर नहीं पड़ी, लेकिन कुछ पुलिस अधिकारियों की वर्दी पर गिरी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे लगाए। जबकि भाजपा कार्यकर्ता ‘गली-गली में शोर है, राहुल गांधी चोर है’ के नारे लगा रहे थे। एक तरफ जीतू पटवारी का काफिला दूसरी ओर प्रदर्शन करते भाजपा कार्यकर्ता। इस स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को काबू में किया। भारत माता चौराहे पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जीतू पटवारी का पुतला भी फूंका।
गंगाजल का छिड़काव कर शहर का शुद्धीकरण: पटवारी के जाने के बाद गंगाजल छिड़का जीतू पटवारी के नीमच से जाने के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भारत माता चौराहे पर गंगाजल का छिड़काव कर शहर का शुद्धीकरण किया। उनका कहना है मातृ शक्ति का अपमान करने वाले व्यक्ति के आने से शहर अपवित्र हो गया था। शाम करीब 4 बजे कलेक्टर कार्यालय जाते समय कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संजीवनी तालाब के पास रोक दिया गया। इस दौरान एसडीएम संजीव साहू बैरिकेड्स फांदकार दूसरी ओर पहुंचे और ज्ञापन लिया। इसके बाद स्थिति शांत हुई।