उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के आंवला थाना क्षेत्र के कंधरपुर गांव के एक तालाब से 5 साल के बच्चे का शव मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बच्चे से संबंधित परिवार का आरोप है कि उनके बच्चे की हत्या की गई है और इसके पीछे तंत्र-मंत्र के लिए बलि दिए जाने की आशंका भी जताई जा रही है।
बता दें बच्चा लगभग 3 महीने से गायब चल रहा था। मृतक बच्चे के दादा द्वार का प्रसाद के अनुसार, उनका नाती 28 दिसंबर 2025 को घर के बाहर गांव के अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक गायब हो गया। शुरुआत में परिवार को लगा कि बच्चा आसपास ही कहीं होगा, लेकिन काफी देर तक जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजन चिंतित हो गए। इसके बाद बच्चे की खोजबीन शुरू की गई।
हर जगह की गई तलाश, तालाब भी खंगाला गया

बच्चे की तलाश में परिवार और ग्रामीणों ने गांव के घर-घर, खेतों, जंगल और आसपास के इलाकों में खोजबीन की। हैरानी वाली बात यह कि जिस तालाब से अब शव बरामद हुआ है, उसे भी पहले कई बार साफ कराकर देखा गया था, लेकिन उस समय वहां कुछ नहीं मिला। परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी, मगर कई महीनों तक बच्चे के बारे में कोई सुराग सामने नहीं आया।
परिवार का तंत्र मंत्र कर हत्या का आरोप
करीब 3 महीने बाद अचानक गांव के उसी तालाब में बच्चे का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। शव की स्थिति को देखकर बच्चे के पिता ने शक जताया है कि उसकी मौत कुछ समय पहले ही हुई होगी। इस वजह से मामला और भी रहस्यमय हो गया है। परिवार का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और न ही वे इतने संपन्न हैं कि फिरौती के लिए बच्चे का अपहरण किया जाए। इन तीन महीनों में किसी ने उनसे पैसे की मांग भी नहीं की।
ऐसे में परिजनों को संदेह है कि इस घटना के पीछे तंत्र-मंत्र या किसी प्रकार की बलि का मामला हो सकता है। बच्चे के दादा का कहना है कि गांव में पहले भी इस तरह की चर्चाएं सुनने को मिलती रही हैं, इसलिए इस पहलू की भी जांच होनी चाहिए।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

बच्चे की मौत के बाद परिवार गहरे सदमे में है। मां नैना देवी की हालत बेहद खराब बताई जा रही है और वे बार-बार बेहोश हो रही हैं। घर में मातम का माहौल है। परिवार में अब दो अन्य बच्चे हैं, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण और समय स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाने की कोशिश की जाएगी।
News Wani
