Breaking News

“बाराबंकी में निकाह में नॉनवेज खाने से 45 लोग बीमार; अस्पताल में भर्ती”

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के देवा थाना क्षेत्र स्थित लालापुर मोहल्ले में शनिवार को आयोजित एक निकाह समारोह उस वक्त अफरा-तफरी में बदल गया, जब भोजन करने के बाद अचानक बड़ी संख्या में मेहमानों की तबीयत बिगड़ गई। देखते ही देखते करीब 45 लोग उल्टी, दस्त, पेट दर्द और चक्कर जैसी समस्याओं से पीड़ित हो गए, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, लालापुर निवासी मोहम्मद मुहीद की बेटी सलमा का निकाह समारोह आयोजित किया गया था। इस समारोह में निन्दूरा ब्लॉक के खिंझना गांव से बारात आई हुई थी। दोपहर करीब दो बजे बारातियों और अन्य मेहमानों ने सामूहिक रूप से भोजन किया। शुरुआत में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन भोजन के एक से दो घंटे बाद ही कई लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।

एकाएक बीमार पड़ने से मची अफरा-तफरी

शाम होते-होते स्थिति और गंभीर हो गई। एक-एक कर लोग बीमार पड़ने लगे, जिससे समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी बीमारों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) देवा पहुंचाया। रात करीब नौ बजे तक मोहम्मद शरिक, मोहम्मद सफात, सान वारिश, जिया, फाहरुन निशा, मो. अनीश, रफिया, मो. जावेद, रहमा, मो. इरफान, जब्बार और असमीन रजा सहित 30 से अधिक लोग अस्पताल पहुंच चुके थे, जबकि अन्य का भी इलाज अलग-अलग स्थानों पर कराया गया। सीएचसी देवा के चिकित्सक डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि सभी मरीजों को समय पर प्राथमिक उपचार दिया गया, जिससे उनकी हालत अब स्थिर है और किसी की स्थिति गंभीर नहीं है। डॉक्टरों की टीम लगातार मरीजों की निगरानी कर रही है और सभी को आवश्यक दवाएं दी जा रही हैं।

मौके पर पहुंचे आलाधिकारी, लिया जायजा

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन भी हरकत में आ गया। क्षेत्राधिकारी संगम कुमार और कोतवाल अजय कुमार त्रिपाठी अस्पताल पहुंचे और मरीजों का हालचाल जाना। वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवधेश कुमार और तहसीलदार भूपेंद्र विक्रम सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि भोजन में इस्तेमाल किया गया खोया खराब हो सकता है, जिससे फूड प्वाइजनिंग की घटना हुई। हालांकि, सटीक कारणों का पता लगाने के लिए खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

About NW-Editor

Check Also

‘अब पर्ची से बनने लगे पदाधिकारी’, UP BJP अध्यक्ष नियुक्ति पर इमरान प्रतापगढ़ी का तंज

बाराबंकी: राज्यसभा सदस्य और ख्यातिलब्ध शायर इमरान प्रतापगढ़ी ने भाजपा संगठन और सरकार पर तंज …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *