Breaking News

बाराबंकी के आयकर अधिकारी की कटनी में मौत, सरकारी गेस्ट हाउस का कमरा अंदर से था बंद

बाराबंकी/कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी में तैनात बाराबंकी निवासी वरिष्ठ आयकर अधिकारी मानवेंद्र प्रताप सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुरुवार रात वह बरगवां स्थित आयकर विभाग के सरकारी गेस्ट हाउस के कमरे में मृत मिले। कमरा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया।

पुलिस के मुताबिक, मानवेंद्र प्रताप सिंह कमरे में बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़े मिले। जांच के दौरान कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। उनके शरीर पर भी चोट के कोई निशान नहीं पाए गए हैं। शुरुआती तौर पर पुलिस को हार्ट अटैक की आशंका है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

कार की चाबी लेने पहुंचा था ड्राइवर

जानकारी के अनुसार, सरकारी ड्राइवर सुबह मानवेंद्र प्रताप सिंह के कमरे पर कार की चाबी लेने पहुंचा था। उसने कई बार दरवाजे की घंटी बजाई और खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक कमरे में कोई हलचल नहीं होने पर कर्मचारियों को अनहोनी की आशंका हुई और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही माधवनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण पुलिस ने उसे तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, जहां अधिकारी बिस्तर पर अचेत अवस्था में मिले।

2024-25 में हुई थी कटनी में पोस्टिंग

मानवेंद्र प्रताप सिंह की वर्ष 2024-25 में आयकर विभाग के कटनी कार्यालय में पोस्टिंग हुई थी। ज्वाइनिंग के बाद से वह बरगवां स्थित विभागीय गेस्ट हाउस में रह रहे थे। वह शादीशुदा थे और उनका परिवार बाराबंकी में रहता है। नौकरी के कारण वह कटनी में अकेले रह रहे थे।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

माधवनगर थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह यादव के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और अधिकारी के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के कटनी पहुंचने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह सामने आएगी।

About NW-Editor

Check Also

‘अब पर्ची से बनने लगे पदाधिकारी’, UP BJP अध्यक्ष नियुक्ति पर इमरान प्रतापगढ़ी का तंज

बाराबंकी: राज्यसभा सदस्य और ख्यातिलब्ध शायर इमरान प्रतापगढ़ी ने भाजपा संगठन और सरकार पर तंज …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *