Breaking News

फतेहपुर में गरजी नगर पालिका की जेसीबी, चौक से पीलू तले और लालाबाजार तक हटाया अतिक्रमण; नगर पालिका की गाड़ियां भर-भरकर ले गईं अतिक्रमण का सामान

न्यूज़ वाणी ब्यूरो  फतेहपुर। शहर के प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर गुरुवार को नगर पालिका परिषद का अतिक्रमण हटाओ अभियान जोर-शोर से चला। नगर पालिका की टीम ने जेसीबी और अन्य वाहनों के साथ चौक चौराहे से पीलू तले चौराहा होते हुए लालाबाजार रोड तक सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया। इस दौरान अतिक्रमण के दायरे में रखा सामान नगर पालिका की गाड़ियों में भर-भरकर ले जाया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से दुकानदारों और सड़क किनारे सामान रखने वालों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग अपना सामान समेटकर मौके से हटते नजर आए।

जानकारी के अनुसार, चौक, पीलू तले चौराहा और लालाबाजार क्षेत्र में लंबे समय से अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं। नगर पालिका द्वारा पूर्व में भी कई बार अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाया गया था, लेकिन कुछ दुकानदार और अन्य लोग दोबारा सड़क तथा फुटपाथ पर सामान रखकर कब्जा जमा लेते थे। इसके कारण बाजार की सड़कें संकरी हो जाती थीं और राहगीरों के साथ दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों को भी आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती थी।

लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका प्रशासन ने गुरुवार को व्यापक स्तर पर अभियान चलाया। जेसीबी की मदद से सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया, जबकि सार्वजनिक मार्गों पर रखा सामान नगर पालिका की गाड़ियों में भरकर ले जाया गया। जैसे ही बाजार में अतिक्रमण अभियान की खबर फैली, दुकानदारों में खलबली मच गई। कई लोग दौड़-दौड़कर अपना सामान हटाने लगे। कुछ दुकानदार ठेलों और अन्य वाहनों में सामान लादकर वहां से निकल गए, जबकि कई लोग अपना सामान लेकर घरों की ओर चले गए।

लालाबाजार में भी अतिक्रमण हटाओ अभियान का व्यापक असर देखने को मिला। नगर पालिका की गाड़ियों को सामान भरकर ले जाते देख आसपास के दुकानदार और सड़क किनारे कारोबार करने वाले लोग आनन-फानन में अपना सामान समेटने लगे। कार्रवाई के दौरान चौक से लेकर पीलू तले चौराहे और लालाबाजार तक हलचल बनी रही। अभियान के चलते सड़क किनारे किए गए कब्जों को हटाकर आवागमन के लिए रास्ता खाली कराया गया।

नगर पालिका के अतिक्रमण प्रभारी दिलशाद ने दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थान आम जनता की सुविधा के लिए हैं। इन स्थानों पर अतिक्रमण से आवागमन बाधित होता है और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यदि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण किया जाता है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। दुकानदारों से भी अपेक्षा की गई कि वे अपनी दुकानों का सामान निर्धारित सीमा के भीतर रखें तथा सार्वजनिक मार्गों को बाधित न करें।

वहीं स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका की कार्रवाई को आवश्यक बताते हुए कहा कि शहर के प्रमुख बाजारों में अतिक्रमण की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। पूर्व में भी कई बार अतिक्रमण हटाए जाने के बावजूद कुछ दिनों बाद पुनः कब्जे होने लगते हैं। नागरिकों ने मांग की कि नगर पालिका प्रशासन नियमित निगरानी कराए और दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई करे, ताकि बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

फिलहाल नगर पालिका की इस कार्रवाई से अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन की सख्ती का असर कितने दिनों तक कायम रहता है और चौक, पीलू तले तथा लालाबाजार जैसे प्रमुख बाजारों को अतिक्रमण की समस्या से स्थायी राहत मिल पाती है या नहीं।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर के कब्रिस्तान में बुजुर्ग का शव मिलने से मचा हड़कंप, मौत की वजह तलाश रही पुलिस

फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के आनंदेश्वर मंदिर के पास स्थित कब्रिस्तान में बुधवार को अधेड़ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *