धाता, फतेहपुर। धाता थाना क्षेत्र के लिहई गांव के पास मोटरसाइकिल और मैजिक वाहन के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। वहीं, युवक की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, जितेंद्र कोरी (24) पुत्र भैरों प्रसाद निवासी शाहपुर हरदासपुर सुकुलपुर अपने गांव के ही सरन कुमार पुत्र राजेश कुमार प्रजापति के साथ गलेहरा बाजार सब्जी खरीदने गया था। बाजार से वापस लौटते समय लिहई गांव के पास उनकी मोटरसाइकिल की सामने से आ रहे मैजिक वाहन से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि जितेंद्र कोरी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार सरन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धाता पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने सरन कुमार की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल मंझनपुर रेफर कर दिया। वहां भी हालत में सुधार न होने पर उसे एसआरएन अस्पताल प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया गया।
बताया जाता है कि जितेंद्र की शादी बीते 16 अक्टूबर को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गुरगौला गांव निवासी राजू की पुत्री ज्योति के साथ हुई थी। शादी के महज एक महीने बाद ही सड़क हादसे में उसकी मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। जितेंद्र सरिया-सीमेंट की दुकान पर पल्लेदारी कर मेहनत-मजदूरी से अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में थाना प्रभारी अभिलाष तिवारी ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायल युवक के परिजनों के अस्पताल न पहुंचने पर एक दीवान को साथ भेजकर उसे जिला अस्पताल मंझनपुर भिजवाया गया है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
News Wani
