फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के आनंदेश्वर मंदिर के पास स्थित कब्रिस्तान में बुधवार को अधेड़ उम्र के व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक तारकेश्वर राय पुलिस टीम और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के छेवका गांव निवासी बासदेव गुप्ता (60) पुत्र जयलाल गुप्ता के रूप में हुई है। पड़ोसियों के मुताबिक, वह बुधवार सुबह करीब छह बजे तक घर पर थे। बताया जा रहा है कि परिवार में घरेलू विवाद भी होता रहता था।
परिजनों के अनुसार, मृतक का पुत्र कुलदीप गुप्ता अपनी बड़ी बहन के यहां बिंदकी गया हुआ है, जबकि उनकी पत्नी शांति देवी अपने मायके टेनी, खागा गई हुई हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
News Wani
